मलेशिया का सऊदी सैन्य गठबंधन में शामिल होने से इनकार
मलेशियाई सरकार ने एक बार फिर यमन के ख़िलाफ़ सऊदी अरब के तथाकथित गठबंधन में शामिल होने से इनकार कर दिया है।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार मलेशियाई सरकार ने यमन के ख़िलाफ़ अतिक्रमण में सऊदी अरब के साथ सहयोग से ऐसे समय में इनकार किया, जब उसने कई विमान सऊदी अरब रवाना किए हैं और साथ ही उसने दो सैन्य अभ्यास में सऊदी सेना के साथ भागीदारी भी की है।
मलेशियाई रक्षा मंत्री हिशामुद्दीन हुसैन ने बुधवार को अपने एक बयान में कहा कि उनका देश, यमन के ख़िलाफ़ सऊदी अरब द्वारा बनाए गए गठबंधन में शामिल होकर लड़ाई में भाग नहीं लेगा।
इससे पहले मलेशिया के प्रधानमंत्री के सहयोगी अहमद ज़ाहिद ने यमन की इस्तीफ़ा दे चुकी सरकार के उप प्रधानमंत्री अब्दुल मलिक अब्दुल जलील अल-मुख़लाफ़ी से भेंटवार्ता की थी।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की गई है कि यमन विरोधी सऊदी गठबंधन में मलेशिया शामिल है। दूसरी ओर मलेशिया की संसद ने कई बार देश की सरकार से यमन युद्ध में मलेशिया की भूमिका स्पष्ट करने की मांग की है। (RZ)