परमाणु समझौते के बाद ईरान की ताक़त बढ़ीः अमरीका
संयुक्त राष्ट्र संघ में अमरीका की स्थायी प्रतिनिधि ने कहा है कि परमाणु समझौते से ईरान की ताक़त बढ़ी है और इस देश पर दोबारा प्रतिबंध लगाना कठिन है।
निकी हेली अमरीका व इस्राईल की संयुक्त ज़ायोनी लाॅबी आइपेक की वार्षिक बैठक में अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबंधों की समाप्ति को ईरान की अहम उपलब्धि बताया और कहा कि एक देश पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं लेकिन जब वे हटा लिए जाएं तो फिर सरलता से उन्हें दोबार लागू नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ समझौते से केवल ईरान व रूस मज़बूत हुए और ईरान को यह साहस मिल गया कि वह जो भी चाहे हासिल कर सकता है।
संयुक्त राष्ट्र संघ में अमरीका की स्थायी प्रतिनिधि निकी हेली ने इसी तरह संयुक्त राष्ट्र संघ में इस्राईल विरोधी वातावरण की आलोचना की और कहा कि सुरक्षा परिषद में यहूदी काॅलोनियों के निर्माण की आलोचना जैसे किसी प्रस्ताव को पुनः पारित नहीं होने देना चाहिए। ज्ञात रहे कि पिछले साल सुरक्षा परिषद ने एक प्रस्ताव पारित करके अतिग्रहित फ़िलिस्तीनी क्षेत्रों में ज़ायोनी शासन के अवैध काॅलोनी निर्माण की आलोचना की थी। अमरीका इस प्रस्ताव पर हुए मतदान में तटस्थ रहा था। (HN)