पश्चिमी देशों को पहले अपने गरेबान में झांकना चाहिएः रूस
रूस ने पश्चिमी देशों में जन प्रदर्शनों को कुचलने की कार्यवाही की कड़े शब्दों में निंदा की है।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार रूस के विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़ाख़ोरोवा ने गुरुवार को अपने बयान में पश्चिमी देशों की ओर से रूस में विरोधियों के साथ कड़ाई से निपटने से संबंधित आरोपों को रद्द करते हुए कहा है कि कई पश्चिमी देशों ने मास्को में कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिए जाने की आलोचना की है जबकि पश्चिमी देशों में कभी भी प्रदर्शनकारियों से शांति पूर्ण ढंग से नहीं निपटा जाता और अधिकतर पश्चिमी देशों में विरोधियों के प्रदर्शन को कुचल दिया जाता है।
रूस के विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा कि अमरीका और फ़्रांस जैसे कुछ पश्चिमी देशों में प्रदर्शन को कुचले जाने से संबंधित जो फ़ोटो इन्टरनेट पर मौजूद हैं, उनसे यह प्रतीत होता है कि लोकतंत्र के दावेदार किसी प्रकार से अपने विरोधियों के प्रदर्शनों को कुचल देते हैं।
मारिया ज़ाखारोवा ने कहा कि पश्चिमी देशों और अमरीका का यह दावा है कि रूस मानवाधिकारों का हनन कर रहा है, निराधार है। उन्होंने कहा कि अमरीका और पश्चिमी देश रूस में विरोधियों के प्रदर्शनों और यूरोपीय देशों में प्रदर्शनों के संबंध में दोहरा मापदंड रखते हैं। ज्ञात रहे कि पिछले सप्ताह मास्को और सेन्ट पीटर्ज़बर्ग में होने वाले सरकार विरोधी प्रदर्शनों में 500 से अधिक लोगों को गिरफ़्तार किया गया था।
रूसी सरकार का कहना था कि प्रदर्शनकारियों ने कुछ शहरों में दंगे किए और शहरों को अशांत करने का प्रयास किया था। (AK)