अमरीका से युद्ध के लिए तैयारः उत्तर कोरिया
उत्तर कोरिया का कहना है कि उसको धमकियों से नहीं डराया जा सकता।
उत्तर कोरिया ने अमेरिका द्वारा कोरिया प्रायद्वीप में युद्धपोत भेजने को बहुत बड़ी ग़लती बताते हुए कड़ी चेतावनी दी है। उसका कहना है कि अमरीका, उत्तरी कोरिया की सीमाओं में ज़बरदस्ती घुस रहा है।
उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी KCNA के अनुसार विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका ने कोरिया प्रायद्वीप में जंगी जहाज भेजने का फैसला करके बहुत बड़ी ग़लती की है। अब यदि वह युद्ध चाहता है तो हम उसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं। अमेरिका द्वारा कोरिया प्रायद्वीप पर युद्धपोत भेजने के बाद उत्तर कोरिया का यह पहला सरकारी बयना है। उत्तरी कोरिया का कहना है कि यदि तनाव में वृद्धि होती है तो हम अमरीका के साथ युद्ध के लिए तैयार हैं।
ज्ञात रहे कि इससे पहले अमरीका यह कह चुका है कि सीरिया पर उसका हमला, दक्षिण कोरिया के लिए स्पष्ट संदेश है। अमेरिका ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अगर संयुक्त राष्ट्र संघ, उत्तर कोरिया के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है तो फिर वह खुद कार्रवाई करेगा।
विशेष बात यह है कि USS कार्ल विंसन एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप को ऑस्ट्रेलिया रवाना होना था लेकिन वह कोरियाई प्रायद्वीप पहुंच गया है।
इसी बीच उत्तर कोरिया पर अमरीकी हमले से उपजी स्थिति से निपटने के लिए चीन ने उत्तर कोरिया की सीमा पर बड़ी संख्या में अपने सैनिक तैनात कर दिये हैं।