पाकिस्तान से लापता होने वाली छात्रा सीरिया में मिली!!
https://parstoday.ir/hi/news/world-i40142-पाकिस्तान_से_लापता_होने_वाली_छात्रा_सीरिया_में_मिली!!
पाकिस्तानी मीडिया का कहना है कि शनिवार को लाहौर में गिरफ़्तार होने वाली लड़की नौरीन लेग़ारी का संबंध तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश से है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr १६, २०१७ १५:२० Asia/Kolkata
  • पाकिस्तान से लापता होने वाली छात्रा सीरिया में मिली!!

पाकिस्तानी मीडिया का कहना है कि शनिवार को लाहौर में गिरफ़्तार होने वाली लड़की नौरीन लेग़ारी का संबंध तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश से है।

पाकिस्तान से प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार लाहौर के कारख़ाने क्षेत्र की पंजाबी सोसाइटी से गिरफ़्तार होने वाली लड़की की पहचान हो गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक़ गिरफ़्तार लड़की का नाम नौरीन लेग़ारी है, जो कुछ दिन पहले अपने शहर हैदराबाद से आतंकवादी गुट दाइश में शामिल होने के लिए भागी थी।

पाकिस्तान के लाहौर में स्थित लियाक़त चिकित्सा विश्वविद्यालय की द्वितीय वर्ष की छात्रा नौरीन लेग़ारी कथित तौर पर दाइश में शामिल होने के लिए 10 फ़रवरी को लापता हुई थी। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार लेग़ारी, आतंकी गुट दाइश में शामिल होने के लिए सीरिया गई। उसने सीरिया से अपने घर वालों को संदेश भेजा कि "वह अल्लाह की कृपा से ख़िलाफ़त की ज़मीन पर ख़ैरियत से पहुँच गई है" जबकि उसके घर वालों का कहना था कि नौरीन लेग़ारी दाइश में शामिल होने के लिए खुद नहीं गई बल्कि उसका अपहरण कर लिया गया था।

सूत्रों के मुताबिक़ पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों को नौरीन के क़ब्ज़े से उसके पिता का आईडी कार्ड और विश्वविद्यालय का शिक्षा कार्ड भी मिला है। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि आतंकवादी ईस्टर के मौक़े पर बड़ी कार्रवाई की योजना बना रहे थे, नौरीन की गिरफ़्तारी से लाहौर को समय रहते एक बड़ी आतंकी कार्यवाही से बचा लिया गया।

उल्लेखनीय है कि आतंकवादी मामलों के जानकारों का मानना है कि  जबसे चरमपंथी प्रचार दल के लोगों ने शैक्षिक संस्थानों में प्रवेश किया है तब से कट्टरपंथी तत्व छात्र और छात्राओं को अपनी ओर आकर्षित करके इन युवाओं का ब्रेन वॉश करते हैं और बाद में उनका इस्तेमाल आतंकवादी कार्यवाहियों के लिए करते हैं। (RZ)