फिर छलका हिलैरी क्लिंटन का दर्द
अमरीका की पूर्व विदेश मंत्री हिलैरी क्लिंटन ने दावा किया है कि वह राष्ट्रपति चुनावों में जीत रही थीं लेकिन रूस, विकीलीक्स और एफ़बीआई प्रमुख जेम्स कोमी ने चुनावी कैंपेन के आख़िरी हफ़्तों में हस्तक्षेप करके उन्हें हरा दिया।
हिलैरी क्लिंटन ने एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि मैं चुनाव जीत रही थी और यदि अक्तूबर में चुनाव होता तो आज मैं अमरीका की राष्ट्रपति होती।
हिलैरी ने कहा कि सात अक्तूबर को विकीलीक्स ने उनके चुनावी अभियान के प्रमुक जान बोडेस्टा के पत्र लीक कर दिए और एक घंटे के भीतर ही डोनल्ड ट्रम्प की वीडियो क्लिप मीडिया में आ गई जो वर्ष 2005 की थी और जिसमें ट्रम्प महिलाओं के लिए भद्दी भाषा बोल रहे थे। हिलैरी क्लिंटन का कहना था कि इसके बाद मास्को और विकीलीक्स ने ट्रम्प की वीडियो क्लिप के नकारात्मक प्रभाव को कम करने के लिए पूर्ण समन्वय से काम किया। हिलैरी का कहना था कि 28 अकतूबर को एफ़बीआई के प्रमुख जेम्स कोमी ने कांग्रेस के सामने बयान दे दिया कि उनके जांचकर्ताओं को नए ईमेल मिल गए हैं जिनके आधार पर हिलैरी क्लिंटन के विरुद्ध नए सिरे से जांच शुरू की जा सकती है। इस बयान से ईमेल का मुद्दा फिर से गर्मा गया जबकि मतदान से दो दिन पहले एफ़बीआई प्रमुख ने कह दिया कि उन्हें क्लिंटन को कटघरे में खड़ा करने वाली कोई भी चीज़ जांच में नहीं मिली है।
हिलैरी क्लिंटन ने कहा कि चुनावी कैंपेन के आख़िरी दस दिनों में जो घटनाएं हुईं उनके कारण वह चुनाव हार गईं।
हिलैरी क्लिंटन ने कहा कि वर्ष 2011 में रूस में होने वाले चुनाव के तरीक़े पर उन्होंने टिप्पणी की थी जिसका बदला रूसी राष्ट्रपति ने उनसे लिया है।