अशरफ़ ग़नी ने की नंगरहार हमले की निंदा
अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति ने इस देश में टीवी एवं रेडियो केन्द्र पर किये गए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है।
अशरफ़ ग़नी ने कहा कि टेलिविज़न और रेडियो स्टेशन के केन्द्र पर हमला करके आज़ादी की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आतंकवादी चाहते हैं कि इस प्रकार के हमले करके आज़ादी की आवाज़ को सदा के लिए बंद करना चाहते हैं। अशरफ़ ग़नी ने कहा कि इस प्रकार के आत्मघाती हमले करके आतंकवादी, अफ़ग़ानी राष्ट्र के संकल्प को डिगा नहीं सकते।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को कुछ सशस्त्र आतंकवादियों ने जलालाबाद में रेडियो और टेलिविज़न केन्द्र की बिल्डिंग पर हमला किया था। इस आक्रमण में 4 आक्रमणकारियों के अतिरिक्त दो सुरक्षाकर्मी और 2 आम नागरिक मारे गए। आक्रमण में 17 लोग घायल हो गए।
आतंकवादी गुट दाइश ने जलालाबाद के टेलिविज़न और रेडियो स्टेशन के केन्द्र पर हमले की ज़िम्मेदारी स्वीकार की है।