लंदन में फिर आतंकी हमला कई हताहत
शनिवार को लंदन में तीन अलग-अलग जगहों पर हुए हमलों में कई लोग हताहत और घायल हुए।
स्थानीय पुलिस कमिश्नर के अनुसार इस हमले में कुल 9 लोगों की मौत हुई जिसमें तीन आक्रमणकारी शामिल हैं। बताया जा रहा है पुलिस ने तीन आतंकियों को मार गिराया।
जानकारी के अनुसार लंदन के मशहूर पर्यटक स्थल लंदन ब्रिज अर्थात टॉवर ब्रिज पर शनिवार को एक तेज़ रफ्तार वैन ने पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी जिससे कुछ लोग घायल हो गए। लंदन हमले में कम से कम 24 लोग घायल हुए हैं। पुलिस इसे आतंकी घटना मानकर छानबीन कर रही है. फिलहाल लंदन ब्रिज को यातायात के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इसी बीच लंदन ब्रिज के ही निकट एक रेस्टोरेंट में एक युवक ने खाना खा रहे लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। चाक़ू के हमले की इस घटना में दो लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है।
इंग्लैंड की प्रधानमंत्री थेरेसा-मे ने इन घटनाओं के बाद सुरक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों की आपात बैठक बुलाई है। इंग्लैंड की प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने मैनचेस्टर हमले के बाद ही घोषणा की थी कि लंदन में कुछ और आतंकी हमले हो सकते हैं। इस घोषणा के बाद पूरे ब्रिटेन में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। चिंता की बात यह है कि यह हमला ऐसे मौके पर हुआ है जब इंग्लैंड में क्रिकेट की चैंपियंस ट्रॉफी मुकाबलों का आयोजन किया जा रहा है और यहां बड़ी संख्या में दूसरे देशों के लोग पहुंचे हैं।
ज्ञात रहे कि इस आतंकी हमले से कुछ ही दिन पहले 23 मई को मैनचेस्टर एरीना के एक म्यूजिक कंसर्ट पर आत्मघाती आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में 19 लोगों की मौत हुई थी और 60 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।