ब्रसेल्ज़ रेलवे स्टेशन पर आतंकी हमला नाकाम, हमलावर ढेर
बेल्जियम की पुलिस ने समय रहते एक आत्मघाती हमले की कोशिश को नाकाम बना दिया है।
बेल्जियम की फ़ेडरल पुलिस के प्रवक्ता पीटर डी वाएले ने मंगलवार को बताया कि राजधानी ब्रसेल्ज़ के सेंट्रल ट्रेन स्टेशन पर हल्का धमाका हुआ जिससे खलबली मच गई लेकिन सुरक्षा पर तैनात कर्मियों ने तत्काल कार्यवाही करते हुए उस संदग्धि व्यक्ति को ढेर कर दिया जिसके पास धमाका हुआ था।
इस घटना के बाद प्रधानमंत्री चार्ल्ज़ मिशेल ने जनता से अपील की कि वह स्थानीय अधिकारियों के निर्देश का पालन करे।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाका बड़ा नहीं था लेकिन इससे पूरे स्टेशन पर भय व्याप्त हो गया। लोगों ने बताया कि धमाके के समय एक व्यक्ति ज़ोर ज़ोर से चिल्ला रहा था और फिर उसने धमाका किया।
सुरक्षा बलों ने घटना स्थल की घेराबंदी कर ली। इस घटना के एक घंटे बाद पुलिस अधिकारियों ने घोषणा की कि स्थिति नियंत्रण में है। अधिकारियों का कहना है कि यह आतंकी हमला था और हमलावर की पहिचान की जा रही है।