अमरीकी प्रशासन भारत की ज़बान बोलने लगा है,
https://parstoday.ir/hi/news/world-i44486-अमरीकी_प्रशासन_भारत_की_ज़बान_बोलने_लगा_है
पाकिस्तान के गृह मंत्री चौधरी निसार अली ख़ान ने अमरीका की ओर से हिज़्बुल मुजाहेदीन संगठन के प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन को अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किए जाने पर उनका नाम लिए बिना कहा है कि यह चिंता का विषय है कि अमरीकी प्रशासन भारत की ज़बान बोलने लगा है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun २८, २०१७ ०४:२१ Asia/Kolkata
  • अमरीकी प्रशासन भारत की ज़बान बोलने लगा है,

पाकिस्तान के गृह मंत्री चौधरी निसार अली ख़ान ने अमरीका की ओर से हिज़्बुल मुजाहेदीन संगठन के प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन को अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किए जाने पर उनका नाम लिए बिना कहा है कि यह चिंता का विषय है कि अमरीकी प्रशासन भारत की ज़बान बोलने लगा है।

पाकिस्तान के गृह मंत्री ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री की अमरीका यात्रा के बाद अमरीकी सरकार के बयान से ज़ाहिर हो रहा है कि अमरीकी प्रशासन के निकट बेगुनाह कशमीरियों के ख़ून की कोई क़ीमत नहीं है।

पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने अपने एक बयान में हिज़्बुल मुजाहेदीन के कमांडर का नाम लिए बिना अपना पक्ष रखते हुए कहा कि भारत न केवल कश्मीर में भयंकर रूप से मानवाधिकारों का हनन कर रहा है बल्कि पहले दिन से स्वाधीनता के क़ानूनी और जायज़ आंदोलन को दबाने और आज़ादी की कोशिशों को आतंकवाद के रूप में पेश करने की चेष्ट में है।

ज्ञात रहे कि अमरीका के विदेश मंत्रालय ने 26 जून को हिज़्बुल मुजाहेदीन के कमांडर सैयद सलाहुद्दीन को अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी घोषित करते हुए उन पर प्रतिबंध लगा दिया था।

चौधरी निसार ने कहा कि लगता है कि शायद मानवाधिकारों के संबंध में अंतर्राष्ट्रीय क़ानून कश्मीर में लागू नहीं होता और वहां बेगुनाहों के ख़ून से खेली जा रही होली जैसे भयानक अपराध को भी नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है।

चौधरी निसार का कहना था कि भयानक सरकारी आतंकवाद में लिप्त सरकार की भूमिका को जान बूझकर नज़रअंदाज़ करने से जहां न्याय, मूल्यों और अंतर्राष्ट्रीय सिद्धांतों को ठेस पहुंचती है वहीं मानवीय व लोकतांत्रिक अधिकारों की ध्वजवाहक ताक़तों के दोहरे मापदंड की भी हक़ीक़त सामने आ जाती है।

चौधरी निसार ने कहा कि इस स्थिति को देखते हुए आवश्यकता इस बात की है कि हम राष्ट्रीय एकता, संकल्प और हिम्मत का प्रदर्शन करें और कश्मीरियों को स्पष्ट संदेश दें कि पाकिस्तान सरकार और जनता की ओर से उनकी राजनैतिक, कूटनैतिक और नैतिक सहायता में कोई कमी नहीं आएगी।

पाकिस्तान के गृह मंत्री ने कहा कि कश्मीरी जनता के अधिकारों पर किसी प्रकार की कोई सौदेबाज़ी नहीं होगी, इंसाफ़ के अनुसार तथा संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रस्तावों के मुताबिक़ कश्मीरियों को उनका अधिकार मिलने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय क़ब्ज़े से आज़ादी और अपने भविष्य का फ़सला ख़ुद करने का अधिकार कश्मीरियों का भाग्य है और दुनिया की कोई भी ताक़त उन्हें इस अधिकार से वंचित नहीं कर सकती।