वेनेज़ोएला की अशांति के पीछे अमरीकाः मादूरो
वेनेज़ोएला के राष्ट्रपति ने अपने देश की वर्तमान अशांति का कारण अमरीका को बताया है।
निकोलस मादूरो ने अपने एक साक्षात्कार में कहा कि अमरीका, वेनेज़ोएला के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप कर रहा है।
रश्याटूडे से बात करते हुए वेनेज़ोएला के राष्ट्रपति मादूरो ने कहा कि वेनेज़ोएला के उपद्रवियों को अमरीकी समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि वे कूटनैतिक मार्ग से समाधान के इच्छुक नहीं हैं। मादूरो ने कहा कि अमरीकी अधिकारियों ने केवल एक ही विकल्प चुना है और वह है वेनेज़ोएला का विनाश। इससे पहले अमरीकी गुप्तचर सेवा सीआईए के प्रमुख यह बात स्वीकार कर चुके हैं कि वेनेज़ोएला की सरकार को गिराने के लिए कोलंबिया और मैक्सिको के अधिकारी उनके साथ सहयोग कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 2017 के आरंभ से वेनेज़ोएला में अशांति का क्रम जारी है जिसके अन्तर्गत विरोध प्रदर्शन किये जा रहे हैं। पश्चिम का समर्थन प्राप्त सरकार विरोधी, निकोलस मादूरो के त्यागपत्र की मांग कर रहे हैं।