उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ अमरीकी प्रस्ताव सुरक्षा परिषद में पारित हुआ
https://parstoday.ir/hi/news/world-i46844-उत्तर_कोरिया_के_ख़िलाफ़_अमरीकी_प्रस्ताव_सुरक्षा_परिषद_में_पारित_हुआ
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ पाबंदियों को और कड़ा करने के लिए अमरीका की ओर से पेश हुआ प्रस्ताव का मसौदा सर्वसम्मति से पारित हो गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug ०६, २०१७ ०५:०६ Asia/Kolkata
  •  5 अगस्त 2017 को यूएन मुख्यालय में उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ पाबंदी के अमरीकी प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले अमरीकी दूत निकी हेली (दाएं) चीनी दूत लू जिये से बात करते हुए
    5 अगस्त 2017 को यूएन मुख्यालय में उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ पाबंदी के अमरीकी प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले अमरीकी दूत निकी हेली (दाएं) चीनी दूत लू जिये से बात करते हुए

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ पाबंदियों को और कड़ा करने के लिए अमरीका की ओर से पेश हुआ प्रस्ताव का मसौदा सर्वसम्मति से पारित हो गया है।

उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ शनिवार को लगायी गयीं ताज़ा पाबंदियों में उत्तर कोरिया के निर्यात क्षेत्र को निशाना बनाया गया है। नई पाबंदियों के नतीजे में उत्तर कोरिया की वार्षिक आय में 1 अरब डॉलर की कमी आएगी।

नई पाबंदियों में कोयले, लोहे, कच्चे लोहे, सीसा और कच्चे सीसे, मछली और सीफ़ूड को निशाना बनाया गया है।

इसी प्रकार नई पाबंदियों के तहत उत्तर कोरिया के विदेश जाने वाले मज़दूरों की संख्या को बढ़ने से रोका गया। इसी प्रकार नई पाबंदियों में प्यूंगयांग के साथ नए उपक्रम या मौजूदा उपक्रम में नए निवेश पर रोक लगी है।

उत्तर कोरिया पर यह पाबंदियां उसकी ओर से हाल में किए गए नए मीज़ाईल टेस्ट को लेकर लगायी गयी हैं। उत्तर कोरिया पर उसके मीज़ाईल और परमाणु कार्यक्रम को लेकर बहुत ज़्यादा अंतर्राष्ट्रीय दबाव है, लेकिन उसका कहना है कि अमरीका और उसके क्षेत्रीय घटकों की वर्चस्व जमाने की कोशिश के मद्देनज़र अपने राष्ट्र की रक्षा के लिए निवारक शक्ति के रूप में अपनी मीज़ाईल शक्ति को बढ़ाना ज़रूरी है।(MAQ/N)