नैटोः दुनिया अत्यंत ख़तरनाक बिंदु पर पहुंच चुकी है
https://parstoday.ir/hi/news/world-i48811-नैटोः_दुनिया_अत्यंत_ख़तरनाक_बिंदु_पर_पहुंच_चुकी_है
नैटो प्रमुख येन्स स्टोलटेनबर्ग ने रूस और उत्तरी कोरिया के हथियारों के ख़तरों का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया अत्यंत ख़तरनाक बिंदु पर पहुंच चुकी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep ०९, २०१७ ११:०५ Asia/Kolkata
  • नैटोः दुनिया अत्यंत ख़तरनाक बिंदु पर पहुंच चुकी है

नैटो प्रमुख येन्स स्टोलटेनबर्ग ने रूस और उत्तरी कोरिया के हथियारों के ख़तरों का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया अत्यंत ख़तरनाक बिंदु पर पहुंच चुकी है।

स्टोलटेनबर्ग ने गार्डियन समाचार पत्र को साक्षात्कार देते हुए कहा कि हम उत्तरी कोरिया में महाविनाश के हथियारों का प्रसार देख रहे हैं, हमारे सामने आतंकवादी हैं, अस्थिरता है और हमारे सामने रूस की ज़िद है और यह अधिक ख़तरनाक दुनिया है। स्टोलटेनबर्ग ने इस साक्षात्कार में कहीं भी अमरीका की ओर से उत्पन्न होने वाले ख़तरों और सीरिया और इराक़ सहित अनेक देशों में फैलाए गए विनाश का कोई उल्लेख नहीं किया।

नैटो प्रमुख से जब अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प की परमाणु हमले की धमकी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यदि मैं संभावित सैनिक विकल्पों के बारे में अटकल लगाना चाहूंगा तो इससे अनिश्चितता और जटिलता ही बढ़ेगी अतः मेरा यह मानना है कि मुझे इसमें हिस्सा नहीं लेना चाहिए।

कोरिया प्रायद्वीप में जारी वर्तमान तनाव के बीच अमरीका के समर्थन से दक्षिणी कोरिया और जापान की ओर से किए जा रहे सामरिक उपायों का समर्थन भी किया।

उत्तरी कोरिया द्वारा लगातार किए गए परीक्षणों पर चिंता जताई जा रही है लेकिन यह भी ज़मीनी सच्चाई है कि अमरीका उत्तरी कोरिया के लिए समस्याएं खड़ी कर रहा है और एसी उत्तेजक कार्यवाहियां कर रहा है जिसे उत्तरी कोरिया तख़्ता उलट के प्रयास के रूप में देखता है।