उत्तर कोरिया को परमाणु शक्ति स्वीकार करना ही होगा
प्योंगयांग ने कहा है कि वाशिंगटन को उत्तर कोरिया को एक परमाणु शक्ति के रूप में स्वीकार करना होगा।
उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने इस विषय पर अमरीका के साथ किसी बातचीत की संभावना को ख़ारिज करते हुए कहा है कि अमरीका को परमाणु शक्ति संपन्न उत्तर कोरिया के साथ रहने की आदत डालनी होगी।
मास्को में परमाणु अप्रसार सम्मेलन 2017 को संबोधित करते हुए उत्तर कोरिया की विदेश मंत्रालय में उत्तरी अमरीकी विभाग की महानिदेशक चू सोन-हुई ने कहा है कि कोरिया प्रायद्वीप और उत्तर पूर्वी एशिया में शांति एवं स्थिरता के लिए उत्तर कोरिया को परमाणु शक्ति संपन्न देश का दर्जा दिया जाना ज़रूरी है।
सोन-हुई का कहना था कि हम अमरीका की ओर से परमाणु हमले की छाया में जी रहे हैं। पिछले हफ़्ते अभूतपूर्व परमाणु युद्ध अभ्यास किया गया, जिसमें अमरीका के बमवर्षक विमानों ने भाग लिया।
उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया के पास परमाणु हथियार और बैलिस्टिक मिसाइल हैं, लेकिन अगर उसे कोई ख़तरा नहीं होगा तो उन्हें तैनात नहीं किया जाएगा।
सोन-हुई ने कहा कि हमारे हथियारों को अमरीकी परमाणु हमले से देश को बचाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। msm