रूसी राष्ट्रपति व्लादमीर पुतीन को ललकारेगी यह महिला
रूस में वर्ष 2018 में राष्ट्रपति चुनाव होने जा रहे हैं। इस चुनाव में राष्ट्रपति व्लादमीर पुतीन एक बार फिर मुक़ाबले के लिए मैदान में उतरेंगे।
टीकाकारों का मानना है कि पुतीन के पास जनता के सामने पेश करने के लिए बहुत कुछ है। उन्होंने देश के भीतर अलग अलग क्षेत्रों में विकास कार्य करने के साथ ही विश्व स्तर पर रूस की साख को मज़बूत बनाने के लिए बड़ी सूझबूझ से क़दम उठाएं हैं।
टीकाकार कहते हैं कि मध्यपूर्व के क्षेत्र में व्लादमीर पुतीन ने अमरीका की कमज़ोर होती स्थिति से पैदा होने वाले शून्य को भरने का काम बड़ी सफलता से किया है।
पुतीन ने सीरिया संकट में बिल्कुल सही समय पर साहसी फ़ैसले करके अपने देश की साख मज़बूत की है। पुतीन ने लीबिया संकट में भी प्रभावी रूप से अपने पत्ते इस्तेमाल किए और संघर्षरत पक्षों के बीच वार्ता का मेकैनिज़म तैयार करने में लगे हुए हैं।
पुतीन ने मिस्र के साथ भी अपने संबंध बढ़ाए हैं और आज स्थिति यह है कि अमरीका के बहुत क़रीबी समझे जाने वाले सऊदी अरब ने भी रूस से एस-400 मिसाइल ढाल व्यवस्था सहित कई सौदे किए हैं जिस पर अमरीका चिंतित भी है। नैटो का सदस्य और अमरीका का घटक समझा जाने वाला तुर्की भी रूस से यह मिसाइल व्यवस्था ख़रीद रहा है।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के साथ रूस के मज़बूत संबंध स्ट्रैटेजिक प्रवृत्ति के हैं।
पुतीन को वर्ष 2018 में रूसी जनता के सामने जाकर अपने कामकाज का बचाव करना है तथा एक अन्य टर्म के लिए जनता से वोट हासिल करना है।
पुतीन के सामने जहां चुनावी मैदान में दूसरे प्रतिद्वंद्वी होंगे वहीं उनमें रूस के टेलीवीज़न की मशहूर ऐंकर क्सेनिया सोबचक भी शामिल हैं। उन्होंने कहा है कि राष्ट्रपति चुनाव लड़ेंगी। अब देखना है कि वह राष्ट्रपति पुतीन को किस हद तक टक्कर दे पाती हैं।