अमेरिकी वैज्ञानिकों ने परमाणु समझौते के समर्थन का किया एलान
https://parstoday.ir/hi/news/world-i51678-अमेरिकी_वैज्ञानिकों_ने_परमाणु_समझौते_के_समर्थन_का_किया_एलान
अमेरिका के लगभग 100 वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने ईरान के साथ हुए परमाणु समझौते के प्रति ट्रम्प सरकार के कटिबद्ध रहने की मांग की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Oct ३१, २०१७ १६:३९ Asia/Kolkata
  • अमेरिकी वैज्ञानिकों ने परमाणु समझौते के समर्थन का किया एलान

अमेरिका के लगभग 100 वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने ईरान के साथ हुए परमाणु समझौते के प्रति ट्रम्प सरकार के कटिबद्ध रहने की मांग की है।

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, अमेरिका के 90 से अधिक वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने कांग्रेस को एक पत्र लिखकर मांग की है कि कांग्रेस और ट्रम्प सरकार उन्हें यह विश्वास दिलाए कि वह ईरान के साथ हुए व्यापक परमाणु समझौते में बाक़ी रहेगी।

अमेरिकी वैज्ञानिकों ने अपने पत्र में राष्ट्रपति ट्रम्प द्वारा परमाणु समझौते पर एक बार फिर व्यापक बातचीत की मांग को ग़लत बताया है।

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक़ अमेरिकी कांग्रेस को ईरान के साथ हुए व्यापक परमाणु समझौते के समर्थन में लिखे गए पत्र में ऐसे वरिष्ठ वैज्ञानिकों के भी हस्ताक्षर हैं जो भौतिकी और परमाणु प्रौद्योगिकी के अलावा मिसाइलों के मैदान के भी विशेषज्ञ हैं।

अमेरिका के वरिष्ठ वैज्ञानिक रिचर्ड गारोन ने, जिनके द्वारा लिखे गए शोधपत्र ने 1950 में हाइड्रोजन बम के आविष्कार में मुख्य भुमिका निभाई थी, परमाणु समझौते का समर्थन करते हुए कांग्रेस को लिखे गए पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।

वर्ष 2000 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने वाले तीन वैज्ञानिकों ने भी इस पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।

इससे पहले, दुनिया के विभिन्न देशों के 25 से अधिक पूर्व विदेश मंत्रियों ने अमेरिकी कांग्रेस के नाम लिखे अपने संयुक्त पत्र के माध्यम से अमेरिकी सरकार और कांग्रेस से जेसीपीओए के प्रति प्रतिबद्ध रहने की मांग की थी। (RZ)