अमरीका और चीन के बीच हुए 9 अरब डाॅलर के समझौते
चीन और अमरीका के बीच नौ अरब डाॅलर के मूल्य के व्यापारिक समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार अमरीका और चीन के वाणिज्य मंत्रियों ने अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प की चीन यात्रा के दौरान इन समझौतों पर हस्ताक्षर किये।
चीन सरकार ने यह वचन दिया है कि अमरीका के साथ और अधिक व्यापारिक समझौते करके वह वाशिंग्टन को होने वाले 347 अरब डाॅलर के व्यापारिक घाटे को कम करने के प्रयास करेगा। इसी बीच अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने भी आशा व्यक्त की है कि चीन के साथ अभी और व्यापारिक समझौते किये जाएंगे। ट्रम्प ने चीनी राष्ट्रपित की प्रशंसा करते हुए उन्हें विशेष व्यक्तित्व का स्वामी बताया है। अमरीकी राष्ट्रपति ने यह स्पष्ट किया कि उनके देश को होने वाले व्यापारिक घाटे के लिए वे चीन को नहीं बल्कि अपने देश के पूर्ववर्ती शासकों को दोषी मानते हैं।
उल्लेखनीय है कि अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प, 12 दिवसीय एशिया की यात्रा पर निकले हैं जिसके अन्तर्गत वे बुधवार को चीन की राजधानी बीजिंग पहुंचे थे।