ईरान के बारे में ग़लत धारणा, अमरीका को क्षति पहुंचाएगीः ब्लूमबर्ग
अमरीकी समाचार एजेन्सी ब्लूमबर्ग ने ट्रम्प सरकार से ईरान के बारे में ग़लत धारणा को समाप्त करने का सुझाव दिया है।
ब्लूमबर्ग ने एक लेख के माध्यम से ट्रम्प सरकार को सचेत करते हुए लिखा है कि ईरान के बारे में ग़लत धारणा, मध्यपूर्व में अमरीकी प्रभाव को सदा के लिए समाप्त कर सकती है।लेख में कहा गया है कि सऊदी युवराज मुहम्मद बिन सलमान ने भ्रष्टाचार के आरोप में शाही परिवार के कुछ शहज़ादों और बहुत से वर्तमान तथा पूर्व मंत्रियों को गिरफ़्तार करने के बाद यह आरोप लगाया था कि यमन की ओर से रेयाज़ पर किये गए मिज़ाइल हमले के पीछे ईरान का हाथ था। हालांकि इस बारे में कोई प्रमाण पेश नहीं किया गया।
ब्लूमबर्ग के लेख में आगे कहा गया है कि एक अन्य घटनाक्रम के अन्तर्गत लेबनान के प्रधानमंत्री सअद हरीरी ने रेयाज़ में अप्रत्याशित रूप से अपने त्यागपत्र की घोषणा कर दी और दावा किया कि उन्हें ईरान तथा हिज़बुल्लाह की ओर से ख़तरा है। ब्लूमबर्ग ने अमरीका और सऊदी अरब के बीच निकटता और मध्यपूर्व की वर्तमान घटनाओं के पीछे वाहट हाउस की भूमिका की ओर संकेत करते हुए स्पष्ट किया कि ट्रम्प प्रशासन की ओर से ईरान पर दबाव डालने की कोशिश, यह दर्शाती है कि ट्रम्प प्रशासन को मध्यपूर्व की वर्तमान वास्तविकताओं की जानकारी नहीं है।