रूस ने लेबनान की स्वाधीनता के समर्थन पर बल दिया
https://parstoday.ir/hi/news/world-i52249-रूस_ने_लेबनान_की_स्वाधीनता_के_समर्थन_पर_बल_दिया
रूस के विदेशमंत्री सर्गेई लावरोफ़ ने कहा है कि मास्को, लेबनान की स्वाधीनता और स्वतंत्रता के अधिकार का समर्थन करता है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Nov १७, २०१७ २०:०१ Asia/Kolkata
  • रूस ने लेबनान की स्वाधीनता के समर्थन पर बल दिया

रूस के विदेशमंत्री सर्गेई लावरोफ़ ने कहा है कि मास्को, लेबनान की स्वाधीनता और स्वतंत्रता के अधिकार का समर्थन करता है।

तास समाचार एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार रूस के विदेशमंत्री सर्गेई लावरोफ और लेबनान के विदेशमंत्री जिबरान बासिल ने शुक्रवार को मास्को में मुलाक़ात में द्विपक्षीय संबंधों में विस्तार तथा लेबनान में सऊदी अरब की मतभेद फैलाने वाली कार्यवाही पर चर्चा की।

रूस और लेबनान के विदेशमंत्रियों ने सऊदी अरब में लेबनान के प्रधानमंत्री साद हरीरी के ज़बरदस्ती त्यागपत्र को बैरूत के मामले में सऊदी अरब के खुले हस्तक्षेप का चिन्ह बताया ।

इस मुलाक़ात में रूस के विदेशमंत्री ने कहा कि लेबनान की समस्या को बिना विदेशी हस्तक्षेप के और स्वयं सारे लेबनानियों की भागीदारी से हल होना चाहिए।

लेबनान के विदेशमंत्री ने भी हिज़्बुल्लाह पर सऊदी अरब के आरोपों का बचाव करते हुए कहा कि कुछ क्षेत्रीय देश लेबनान के प्रधानमंत्री को विस्थापित करने के प्रयास में हैं जबकि प्रधानमंत्री को किसी भी प्रकार का ख़तरा नहीं है।

श्री जिबरान बासिल ने कहा कि हिज़्बुल्लाह एेसा आंदोलन है जिसने इस्राईली अतिग्रहण से देश की धरती स्वतंत्र कराई और समस्त लेबनानी हिज़्बुल्लाह को स्वीकार करते हैं।

लेबनान के विदेशमंत्री ने कहा कि हिज़्बुल्लाह ने आतंकवादी गुट दाइश के मुक़ाबले में लेबनान की रक्षा की है।

उल्लेखनीय है कि रविवार की रात सअद हरीरी ने सऊदी अरब के टीवी पर कहा था कि वे लेबनान वापस आकर क़ानूनी तरीक़े से अपना त्यागपत्र देंगे।  हरीरी ने कहा कि उन्हें पता है कि संविधान के अनुसार उन्हें अपना त्यागपत्र राष्ट्रपति को देना चाहिए।  इससे पहले हरीरी ने 4 नवंबर को रेयाज़ से सऊदी टीवी चैनेल पर लेबनान के प्रधानमंत्री पद से अपने त्यागपत्र का एलान किया था जिसे लेबनान के राष्ट्रपति मीशल औन ने अस्वीकार कर दिया। (AK)