जर्मनी में दाइश के 6 आतंकवादी गिरफ़्तार, बड़ा आतंकी हमला टला
जर्मनी के विशेष सुरक्षा बलों ने देश के विभिन्न प्रांतों में आतंकवाद विरोधी अभियान चलाकर दाइश के 6 ख़तरनाक आतंकियों को गिरफ़्तार किया है।
समाचार एजेंसी तसनीम के अनुसार, जर्मन पुलिस ने कहा है कि देश के विभिन्न प्रांतों से पकड़े गए आतंकवादियों ने गिरफ़्तारी के बाद इस बात को स्वीकार किया है कि उनका इरादा जर्मनी के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित सार्वजनिक केंद्रों पर आतंकवादी हमले का था।
जर्मनी के सुरक्षा बलों का कहना है कि उनको कुछ दिन पहले यह ख़ुफ़िया जानकारी प्राप्त हुई थी कि दाइश के आतंकवादी देश में कई स्थानों पर आतंकी हमले की योजना बना रहे हैं।
प्राप्त समाचारों के अनुसार, जर्मन अदालत का कहना है कि पकड़े गए दाइश के आतंकवादी फ्रैंकफर्ट शहर के सार्वजनिक केंद्रों को उड़ा देना चाहते थे।
इस बीच जर्मन अधिकारियों का कहना है कि गिरफ़्तार किए गए आतंकवादियों का सीरिया के विभिन्न इलाक़ों से संबंध है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में जर्मनी की ख़ुफ़िया एजेंसियों ने स्वीकार किया है कि 900 से अधिक जर्मन नागरिक तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश में शामिल हो गए हैं। जर्मन इंटेलिजेंस द्वारा जारी बयान में कहा गया है दाइश में शामिल 930 जर्मन नागरिक इराक़ और सीरिया की यात्रा कर चुके हैं।
जर्मन ख़ुफ़िया रिपोर्ट में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि सीरिया और इराक़ में आतंकवादी गुटों में शामिल जर्मन नागरिकों में 25 प्रतिशत महिलाएं थीं जिनमें 5% युवा जर्मन लड़कियां भी थीं।
अब सीरिया और इराक़ में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश का लगभग अंत हो गया है और इस बात को लेकर जर्मन अधिकारियों को डर है कि जर्मन मूल के आतंकवादी किसी भी समय देश के भीतर आतंकी कार्यवाहियों को अंजाम दे सकते हैं। (RZ)