संसार से रासायनिक हथियारों को पूरी तरह समाप्त किया जाएः पुतीन
रूस के राष्ट्रपति ने विश्व समुदाय से संसार से रासायनिक हथियारों को पूरी तरह समाप्त करने की कोशिश करने की मांग की है।
विलादिमीर पुतीन ने हाॅलैंड के हेग नगर में रासायनिक हथियार निषेध संगठन (ओपीसीडब्ल्यू) के सदस्य देशों के 21वें सम्मेलन के उद्घाटन समारोह के अवसर पर एक पत्र भेज कर संसार से रासायनिक हथियारों का पूरी तरह अंत किए जाने की मांग की है। उन्होंने इस पत्र में उन सभी देशों से जिनके पास रासायनिक हथियार हैं, मांग की है कि वे उन्हें यथाशीघ्र समाप्त करने की कोशिश करें और जो देश रासायनिक हथियार निषेध संगठन से नहीं जुड़े हैं वे तत्काल इससे जुड़ जाएं।
ज्ञात रहे कि रूस ने 27 सितम्बर 2017 को अपने बचे खुचे सभी रासायनिक हथियार समाप्त कर दिए हैं। पुतीन ने अपने देश के इस क़दम को अधिक ज़िम्मेदार और अधिक स्थिर संसार के निर्माण के मार्ग में एक बड़ा क़दम बताया है। रासायनिक हथियार निषेध संगठन का 21वां सम्मेलन 27 नवम्बर से पहली दिसम्बर तक हेग शहर में आयोजित हो रहा है। (HN)