परमाणु युद्ध में अमरीका को हरा देंगे,
https://parstoday.ir/hi/news/world-i53851-परमाणु_युद्ध_में_अमरीका_को_हरा_देंगे
उत्तरी कोरिया के शासक किम जोंग ऊन ने कहा है कि तेज़ी से बढ़ रहे परमाणु शस्त्रागार की मदद से अमरीका से युद्ध में विजय प्राप्त की जा सकती है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec १३, २०१७ ०८:४० Asia/Kolkata
  • परमाणु युद्ध में अमरीका को हरा देंगे,

उत्तरी कोरिया के शासक किम जोंग ऊन ने कहा है कि तेज़ी से बढ़ रहे परमाणु शस्त्रागार की मदद से अमरीका से युद्ध में विजय प्राप्त की जा सकती है।

उत्तरी कोरिया की मीडिया ने बुधवार को यह ख़बर दी है कि किम जोंग ऊन ने यह संकल्प कर लिया है कि परमाणु युद्ध की स्थिति में अमरीका को पराजित करना है।

हालिया मिसाइल परीक्षण से जुड़े लोगों को संबोधित करते हुए किम जोंग ऊन ने मंगलवार को कहा कि उनका देश विजय के साथ आगे बढ़ेगा और दुनिया की सबसे बड़ी परमाणु ताक़त बन जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्षा उद्योग तेज़ी से विकास करता रहेगा और अमरीका तथा साम्राज्यवादी शक्तियों के मुक़ाबले में हम विजय प्राप्त करेंगे।

किम जोंग ऊन ने कहा कि उनके देश ने भारी ख़र्च और अनेक प्रकार के जोखिमों के बावजूद इस लड़ाई को पूरा कर लिया है।

अमरीका ने उत्तरी कोरिया पर बार बार प्रतिबंध लगाए लेकिन उत्तरी कोरिया लगातार मिसाइल और परमाणु परीक्षण करता गया। उत्तरी कोरिया ने 29 नवम्बर को ह्वासोंग-15 मिसाइल फ़ायर किया जो अंतरमहाद्वीपीय और उत्तरी कोरिया का सबसे शक्तिशाली मिसाइल है। यह मिसाइल भारी वारहेड के साथ अमरीका के किसी भी इलाक़े में पहुंच सकता है।

उधर अमरीका के विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने कहा है कि वाशिंग्टन बिना किसी शर्त के प्युंगयांग से वार्ता के लिए तैयार है। टिलरसन ने कहा कि हम कई बार कह चुके हैं कि परमाणु हथियारों को नष्ट करवाने के लिए हम कूटनयिक प्रयास जारी रखेंगे।

अमरीका की मांग है कि उत्तरी कोरिया परमाणु निरस्त्रीकरण के लिए ठोस क़दम उठाए उसके बाद ही उससे कोई वार्ता होगी लेकिन अब टिलरसन ने बिना शर्त वार्ता की बात कही है। टिलरसन ने कहा कि उत्तरी कोरिया ने अपने परमाणु कार्यक्रम में बहुत कुछ बना लिया है।

टिलरसन ने साथ ही यह भी कहा कि अमरीकी सेना ज़रूरत पड़ने पर कार्यवाही के लिए तैयार है।