अमरीकी प्रतिबंध पर चुप नहीं बैठेंगेः रूस
रूस ने घोषणा की है कि अमरीकी प्रतिबंधों का जवाब ज़रूर दिया जाएगा।
फ़ार्स समाचार एजेन्सी के अनुसार क्रेम्लिन के प्रवक्ता ने कहा है कि रूसी नागरिकों के विरुद्ध अमरीका के प्रतिबंधों को निरुत्तर नहीं रहने दिया जाएगा।
दिमित्री पेस्कोफ़ ने गुरूवार को कहा है कि चेचेन गणराज्य के राष्ट्रपति रमज़ान क़दीरोफ सहित रूसी नागरिकों पर अमरीका के नए प्रतिबंधों का करारा जवाब दिया जाएगा। क्रेम्लिन के प्रवक्ता ने कहा है कि अमरीका की इस कार्यवाही को माॅस्को, ग़ैर क़ानूनी, शत्रुतापूर्ण और ख़तरनाक मानता है। उन्होंने कहा कि हम इन प्रतिबंधों का विरोध करने के साथ ही इसका कड़ा जवाब ज़रूर देंगे।
ज्ञात रहे कि अमरीका के वित्त मंत्रालय ने चेचेन गणराज्य के राष्ट्रपति क़दीरोफ़ सहित 5 रूसी नागरिकों पर मानवाधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए उनको Magnitsky मैगनिस्की क़ानून के अन्तर्गत प्रतिबंधित कर दिया है।
ज्ञात रहे कि Magnitsky मैगनिस्की क़ानून सन 2012 में पारित किया गया था। यह क़ानून अमरीकी वित्त मंत्रालय को इस बात की अनुमति देता है कि वह मानवाधिकार के हनन तथा सरगेई मैगनिस्की की हत्या में लिप्त लोगों को प्रतिबंधित कर सकता है। उल्लेखनीय है कि सरगेई मैगनिस्की एक रूसी जासूस था जो सन 2009 में माॅस्को की जेल में मर गया था।