सेंट पीटर्सबर्ग हमला आतंकी थाः पुतीन
रूस के राष्ट्रपति ने सेंट पीटर्सबर्ग हमले को आतंकी हमला बताया है।
रूसी राष्ट्रपति पुतीन ने हमले को आतंकी हमला बताया है।
रश्या टूडे के अनुसार पुतीन ने सेंट पीटर्सबर्ग के सुपर मार्केट में बुधवार को हुए विस्फोट की निंदा करते हुए इसे आतंकी हमला बताया है। इस हमले में 13 लोग घायल हो गए थे। क्रेमलिन में सेना के अधिकारियों के साथ बैठक में पुतिन ने कहा कि बुधवार को सेंट पीटर्सबर्ग में आतंकी हमला हुआ था। रूसी अधिकारियों ने बताया कि यह विस्फोट, सुपर मार्केट के लॉकर में रखे देसी बम से हुआ था।
रूस के दूसरे बड़े शहर सेंट पीटर्सबर्ग की वाइस गवर्नर अन्ना मितियानिया ने ट्विटर पर कहा कि घायल हुए 13 लोगों में से आठ अभी भी अस्पताल में हैं।
रूस में नए साल और रूसी आर्थोडाक्स क्रिसमस की छुट्टियों की तैयारियों के बीच बुधवार को स्थानीय समय के अनुसार शाम करीब पौने सात बजे यह विस्फोट हुआ। रूसी आर्थोडाक्स क्रिसमस 7 जनवरी को मनाया जाता है।
सेंट पीटर्सबर्ग हमले की गंभीरता को देखते हुए इस मामले की जांच रूस की नेशनल एंटी-टेरर कमेटी कर रही है। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष अप्रैल में सेंट पीटर्सबर्ग मेट्रो में हुए आत्मघाती बम हमले में 15 लोग मारे गए थे और दर्जनों अन्य घायल हुए थे।