अमरीकी ड्रोन हमले में तालेबान का वरिष्ठ कमान्डर ढेर
https://parstoday.ir/hi/news/world-i57503-अमरीकी_ड्रोन_हमले_में_तालेबान_का_वरिष्ठ_कमान्डर_ढेर
प्रतिबंधित संगठन तहरीके तालेबान पाकिस्तान के कमान्डर ख़ान सैयद सजना को अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी ड्रोन हमले में अन्य 9 साथियों के साथ मार दिया गया।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb १०, २०१८ ०५:४२ Asia/Kolkata
  • अमरीकी ड्रोन हमले में तालेबान का वरिष्ठ कमान्डर ढेर

प्रतिबंधित संगठन तहरीके तालेबान पाकिस्तान के कमान्डर ख़ान सैयद सजना को अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी ड्रोन हमले में अन्य 9 साथियों के साथ मार दिया गया।

पाकिस्तान के गुप्तचर सूत्रों के अनुसार प्रतिबंधित संगठन टीटीपी के कमान्डर ख़ान सजना को 7 फ़रवरी को अफ़ग़ानिस्तान के क्षेत्र खड़तंगी में ड्रोन हमले में मारा गया।

सूत्रों ने पुष्टि करते हुए कहा कि ख़ान सजना को उनके अन्य साथियों के साथ खड़तंगी के क्षेत्र में ही दफ़्ना दिया गया। प्रतिबंधित संगठन टीटीपी की ओर से अभी तक इस समाचार का खंडन नहीं किया गया।

ज्ञात रहे कि ख़ान सजना को कराची में नेवल बेस पर हमले के अलावा 2012 में ख़ैबर पख़्तूनख़ा में बन्नू की एक जेल तोड़कर तालेबान के 400 लड़ाकों को रिहा करने में भी लिप्त क़रार दिया जा रहा था।

टीटीपी महसूद ग्रुप के कमान्डर के हवाले से पाक अधिकारियों ने कहा था कि सजना न ही शिक्षित था और न ही धार्मिक व्यक्ति था किन्तु वह लड़ाका और अफ़ग़ानिस्तान में लड़ने का अनुभव रखता था। ज्ञात रहे कि अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी प्रांत पकतीका में 8 फ़रवरी को अमरीका की ओर से किए गये ड्रोन हमले में एक गाड़ी को निशाना बनाया गया था।

पकतीका की प्रांतीय पुलिस के प्रमुख के प्रवक्ता शाह मुहम्मद ने कहा था कि अमरीकी ड्रोन हमले में 4 आतंकी मारे गये। अमरीकी ड्रोन हमला अफ़ग़ानिस्तान के पकतीका प्रांत के ज़िला बरमाल के पहाड़ी क्षेत्र में ऐसे स्थान पर किया गया जहां सूचना के अनुसार हक़्क़ानी नेटवर्क के लड़ाके और प्रतिबंधित संगठन तहरीके तालेबान पाकिस्तान सक्रिय है।

अफ़ग़ानिस्तान के उप विदेशमंत्री हिकमत ख़लील करज़ई की ओर से ड्रोन हमले की पुष्टि की गयी थी जो बाद में पाकिस्तानी अधिकारियों से वार्ता के लिए पाकिस्तान रवाना हुए थे। (AK)