पाकिस्तान क्यों तैनात कर रहा है सऊदी अरब में अपने सैनिक
पाकिस्तान ने अपने सैनिक सऊदी अरब भेजने की घोषणा की है, हालांकि इस्लामाबाद ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि उसके सैनिक तेल से समृद्ध मध्यपूर्व के इस देश में क्या भूमिका अदा करेंगे।
पाकिस्तान सेना ने कहा है कि सैनिकों की तैनाती का यह फ़ैसला सेना प्रमुख जनरल क़मर जावैद बाजवा और इस्लामाबाद में सऊदी राजदूत नवाफ़ सईद अलमालेकी के बीच 15 फ़रवरी को हुई मुलाक़ात के बाद लिया गया है।
इससे पहले फ़रवरी के शुरू में जनरल बाजवा ने सऊदी अरब का दौरा किया था और सऊदी युवराज एवं रक्षा मंत्री मोहम्मद बिन सलमान सऊदी थल सेना प्रमुख लेफ़्टिनेंट जनरल प्रिंस फ़हद बिन तुर्की बिन अब्दुल अज़ीज़ से मुलाक़ात की थी।
पिछले दो महीनों के दौरान, पाकिस्तानी सेना प्रमुख की सऊदी अरब की यह दूसरी यात्रा थी।
पाकिस्तान ने अपने सैनिकों को सऊदी अरब भेजने की घोषणा ऐसे समय में की है, जब उसके 1,379 सैनिक पहले से ही इस देश में तैतान हैं।
हालांकि पाकिस्तान कितने और सैनिक सऊदी अरब भेजेगा, इसके बारे में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।
इस्लामबाद द्वारा सऊदी अरब में सैनिकों की तैनाती का फ़ैसला इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि रियाज़ यमन युद्ध की शुरूआत से ही पाकिस्तान पर इस युद्ध में शामिल होने के लिए दबाव डालता रहा है। msm