तालेबान एक राजनैतिक गुट हैः पाकिस्तान
https://parstoday.ir/hi/news/world-i58617-तालेबान_एक_राजनैतिक_गुट_हैः_पाकिस्तान
पाकिस्तान का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान के तालेबान एक राजनैतिक गुट हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar ०२, २०१८ ११:०० Asia/Kolkata
  • तालेबान एक राजनैतिक गुट हैः पाकिस्तान

पाकिस्तान का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान के तालेबान एक राजनैतिक गुट हैं।

पाकिस्तान के विदेशमंत्री ने कहा है कि तालेबान और अफ़ग़ानिस्तान की सरकार के बीच वार्ता का इस्लामाबाद समर्थन करता है।

आवा समाचार एजेन्सी के अनुसार ख़ाजा मुहम्मद आसिफ़ ने इस्लामाबाद में एक संवाददाता सम्मेलन में बोलते हुए अफ़ग़ानिस्तान की सरकार की ओर से तालेबान के साथ वार्ता की तत्परता का स्वागत किया।  उन्होंने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान के तालेबान एक राजनैतिक गुट हैं और हम तालेबान और काबुल सरकार के बीच वार्ता का समर्थन करते हैं।  पाकिस्तान के विदेशमंत्री का कहना था कि अफ़ग़ानिस्तान संकट का समाधान कूटनीति के माध्यम से ही संभव है।

कुछ समय पहले अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ़ ग़नी, तालेबान से साथ बिना शर्त वार्ता की बात कह चुके हैं।  उन्होंने कहा था कि यदि तालेबान वार्ता के प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं तो हम तालेबान के बंदियों को स्वतंत्र करने के लिए तैयार हैं।  अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति ने यह भी कहा था कि हम संविधान की समीक्षा करने और तालेबान को एक राजनैतिक दल के रूप में मान्यता देने को भी तैयार हैं।

ज्ञात रहे कि तालेबान ने अशरफ़ ग़नी के वार्ता प्रस्ताव को रद्द करते हुए कहा है कि उनकी सरकार के साथ वार्ता केवल उसी स्थिति में संभव है कि जब अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी नेतृत्व में मौजूद विदेशी सैनिक देश छोड़कर चले जाएं।