सीरिया में संघर्ष विराम लागू करने पर सुरक्षा परिषद का बल
संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने सीरिया में संघर्ष विराम के क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया है।
सुरक्षा परिषद की बैठक में भाग लेने वाले सभी सदस्यों ने सीरिया में प्रस्ताव क्रमांक 2401 के क्रियान्वयन की ज़रूरत पर बल देते हुए पूर्वी ग़ोता की स्थिति पर चिंता प्रकट की है। बैठक में सीरिया के मामलों में संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव के विशेष प्रतिनिधि स्टीफ़न डिमिस्तूरा ने पूर्वी ग़ोता की परिस्थितियों के बारे में एक रिपोर्ट पेश की लेकिन इस संबंध में उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब नहीं दिया।
सुरक्षा परिषद के सभी 15 स्थायी व अस्थायी सदस्यों ने सीरिया में एक महीने के संघर्ष विराम के लागू न होने के बारे में बुधवार को बैठक की थी। यह आपात बैठक ब्रिटेन और फ़्रान्स के आग्रह पर बंद दरवाज़ों के पीछे आयोजित हुई। ज्ञात रहे कि सीरिया की सेना की ओर से पूर्वी ग़ोता से असैनिकों के निकलने के लिए सुरक्षित मार्ग निर्धारित किए जाने के बावजूद नुस्रा फ़्रंट के आतंकी उन्हें बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं और उन्हें मानवीय ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। (HN)