तालेबान अवसर से लाभ उठायेः राष्ट्रसंघ
https://parstoday.ir/hi/news/world-i58993-तालेबान_अवसर_से_लाभ_उठायेः_राष्ट्रसंघ
संयुक्त राष्ट्रसंघ ने तालेबान का आह्वान किया है कि वह अफगान सरकार से सीधी वार्ता के लिए जो वातावरण उत्पन्न हुआ है उससे लाभ उठाये।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar ०९, २०१८ ०९:३७ Asia/Kolkata
  • तालेबान अवसर से लाभ उठायेः राष्ट्रसंघ

संयुक्त राष्ट्रसंघ ने तालेबान का आह्वान किया है कि वह अफगान सरकार से सीधी वार्ता के लिए जो वातावरण उत्पन्न हुआ है उससे लाभ उठाये।

फ्रांस प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार अफ़गानिस्तान में राष्ट्रसंघ के एक अधिकारी टुडैमिको यामामोटो ने गुरूवार को तालेबान का आह्वान किया कि सीधी वार्ता हेतु काबुल सरकार की मांग का वह सकारात्मक जवाब दे।

इस रिपोर्ट के अनुसार अफगानिस्तान में राष्ट्रसंघ के सैनिकों की तैनाती की अवधि बढाये जाने के उपलक्ष्य में टुडैमिको यामामोटो ने कहा कि काबुल सरकार ने सीधी वार्ता का सुझाव दिया है और अब वह समय आ गया है कि तालेबान काबुल सरकार के साथ सीधी वार्ता आरंभ करे ताकि अफगान राष्ट्र की पीड़ाओं को समाप्त किया जा सके।

इसी प्रकार उन्होंने कहा कि शांति स्थापित करना और प्रतिस्पर्धी से मुलाकात करना राष्ट्रीय एकजुटता सरकार की विशेषता है।

टुडैमिको यामामोटो ने बल देकर कहा कि राजनीतिक शांति व स्थिरता के लिए व्यापक वार्ता ज़रूरी है। साथ ही उन्होंने अफगान राजनेताओं का आह्वान किया है कि वे अपने और दलीय हितों पर अफगानिस्तान के राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता दें।

ज्ञात रहे कि अभी पिछले सप्ताह अफगानिस्तान के राष्ट्रपति ने पहली बार घोषणा की थी कि तालेबान को वैध और राजनीतिक गुट के रूप में मान्यता दी जानी चाहिये और इस गुट को भी चाहिये कि वह अफगानिस्तान की सरकार को मान्यता प्रदान करे।

इन सबके बावजूद तालेबान गुट अभी भी वार्ता के लिए तैयार नहीं है और उसने अफगानिस्तान से अमेरिकी अगुवाई में विदेशी सैनिकों के निष्कासन को अशरफ ग़नी की सरकार से वार्ता की शर्त रखी है। MM