दुनिया के लिए नौरोज़ का संदेश बहुत महत्वपूर्ण हैः एंटोनियों गुटेरस
संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियों गुटेरस ने कहा है कि नौरोज़ का संदेश पूरी दुनिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियों गुटेरस ने नौवरोज़ को दुनिया के 300 मिलियन लोगों के लिए एक नई शुरुआत के रूप में बताते हुए कहा कि दुनिया के वसंत और प्रकृति की वापसी विश्व समुदाय को एकजुट करती है और दुनिया में शांति और दोस्ती को बढ़ावा देती है।
संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में नौरोज़ के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस का कहना था कि वास्तव में नौरोज़ एक महान भावना है और नौरोज़ का संदेश दुनिया के लिए सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि दुनिया में पाए जाने वाले मतभेद और कठिनाइयों को देखते हुए यह बात पूरे विश्वास के साथ कही जा सकती है कि हमें नौरोज़ के संदेश को समझने की ज़रूरत है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि दुनिया को नौरोज़ के संदेश की ज़रूरत है ताकि पूरे मानव समाज को शांति, न्याय, सद्भावना, एहसास, आपसी सम्मान और भाईचारे जैसे असली मूल्यों के एक प्लेटफार्म पर इकठ्ठा किया जा सके।
उन्होंने नौरोज़ मनाने वाले देशों के राजदूतों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नौरोज़ के जश्न में भाग लेना मेरे लिए सम्मान और ख़ुशी की बात है।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में नौरोज़ के अवसर पर होने वाले समारोह का आयोजन इस्लामी गणतंत्र ईरान, पाकिस्तान, भारत, अफ़ग़ानिस्तान, इराक़, तुर्कमेनिस्तान, ताजिकिस्तान, कज़ाक़िस्तान, क़िरकीज़िस्तान, आज़रबायजान गणराज्य और तुर्की ने संयुक्त रूप से किया था। (RZ)