दक्षिण कोरिया ने किया स्वागत उत्तरी कोरिया के फ़ैसले का
दक्षिणी कोरिया ने उत्तरी कोरिया के इस निर्णय का स्वागत किया है कि वह अपनी परमाणु गतिविधियों को स्थगित कर रहा है।
दक्षिणी कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने शनिवार को एक बयान जारी करके घोषणा की है कि उत्तरी कोरिया के नेता किम जूंग ऊन की ओर से परमाणु परीक्षण और बैलिस्टिक मिसाइल के परीक्षण को रोकने पर आधारित बयान, कोरिया प्रायःद्वीप के संकट को समाप्त करने के मार्ग में उल्लेखनीय प्रगति है। बयान में कहा गया है कि संसार इस क्षेत्र को परमाणु शस्त्र विहीन देखना चाहती है।
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने एलान किया है कि उनका देश परमाणु और मीज़ाईल परीक्षण रोक रहा है और वह परमाणु परीक्षण के एक प्रतिष्ठान को बंद करने जा रहा है। दक्षिण कोरिया की सरकार का मानना है कि परमाणु परीक्षण बंद करने पर आधारित उत्तरी कोरिया के नेता का हालिया निर्णय, उत्तरी और दक्षिणी कोरिया के नेताओं की आगामी शिखर बैठक के आयोजन के लिए बहुत ही सकारात्मक ख़बर है। किम जूंग ऊन ने एेसी स्थिति में परमाणु परीक्षण और बैलेस्टिक मिसाइल के परीक्षणों को रोकने का निर्णय लिया है कि उनका मानना है कि उन्होंने परमाणु हथियारों के अपने लक्ष्य को पूरा कर लिया है अतः उसे अब किसी भी प्रकार के परीक्षण की कोई आवश्यकता नहीं है। दूसरे शब्दों में यह कहा जा सकता है कि उत्तरी कोरिया के नेता का मानना है कि उनका देश अपनी आवश्यकता के अनुसार परमाणु और मिसाइल तकनीक को एक सीमा तक प्राप्त कर चुका है इसलिए वह अब आगे कोई परीक्षण करना नहीं चाहता। एेसे में वह भरे हाथों शिखर वार्ता में भाग ले सकेंगे। वैसे दक्षिण कोरिया और अमरीका की आरंभ से यह इच्छा रही है कि उत्तरी कोरिया अपने परीक्षण बंद करे।
उत्तरी कोरिया के नेता शुक्रवार को दक्षिणी कोरिया के राष्ट्रपति से भेंटवार्ता करने जा रहे हैं।इसी प्रकार यह भी बताया जा रहा है कि किम जूंग ऊन, मई के अंत या जून के आरंभ में अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प से भेंटवार्ता करेंगे। राजनैतिक टीकाकार इन दोनों भेंटवार्ताओं को कोरिया प्रायःद्वीप में शांति की स्थापना के मार्ग में बहुत बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं।