अमरीका, सीरिया से बाहर नहीं निकलेगाः लावरोफ़
रूस के विदेश मंत्री ने कहा है कि अमरीका अपने दावे के विपरीत सीरिया से निकलने का इरादा नहीं रखता है।
सरगेई लावरोफ़ ने मंगलवार को कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि उनके देश का एकमात्र लक्ष्य सीरिया में आतंकी गुट दाइश को पराजित करना है लेकिन सच्चाई यह है कि अमरीका ने अपने सभी दावों के विपरीत सीरिया में फ़ुरात नदी के पूर्वी तट पर पैर फैला लिए हैं और यह इस देश से निकलने का इरादा नहीं रखता।
रूस के विदेश मंत्री लावरोफ़ ने कहा कि सीरिया के आर्थिक पुनर्निर्माण में समय लगेगा और मेरा मानना है कि हम सभी को सीरिया की जनता के हितों के परिप्रेक्ष्य में और इस देश की संप्रभुता व अखंडता का सम्मान करते हुए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एेसा वे इस लिए कह रहे हैं क्योंकि कुछ देश जानबूझ कर सीरिया के टुकड़े करने की कोशिश में हैं। ज्ञात रहे कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने कुछ दिन पहले दावा किया था कि अमरीकी सैनिक जल्द ही सीरिया से निकल जाएंगे। (HN)