दो धमाकों से दहल उठा अफ़ग़ानिस्तान, 23 लोग हताहत व घायल
अफ़ग़ानिस्तान के हेलमंद और जलालाबाद इलाक़े में हुए धमाके में कम से कम 23 लोगों के मारे जाने और घायल होने की सूचना है।
काबुल न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार हेलमंद के गवर्नर हाउस का कहना है कि शनिवार की सुबह नादे अली इलाक़े में सुरक्षा बलों के कार्यालय के पास एक विस्फोट में 4 लोग मारे गए हैं जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्राप्त सूचना के मुताबिक़ हेलमंद में हुए धमाके में अफ़गान सेना के एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी के मारे जाने की भी सूचना है। दूसरी ओर हेलमंद में हुए धमाके से कुछ देर पहले ही अफ़ग़ानिस्तान के नंगारहर प्रांत के जलालाबाद इलाक़े में एक विस्फोट हुआ, जिसमें 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
उल्लेखनीय है कि तालेबान ने अफ़ग़ानिस्तान के विभिन्न क्षेत्रों में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ा दिया है। हेलमंद और नंगारहर अफ़ग़ानिस्तान के ऐसे प्रांत हैं जहां तालेबान और तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के आतंकवादी बड़ी संख्या में मौजूद हैं। (RZ)