नाइजेरियाः मस्जिद और मार्केट पर आतंकी हमले 60 से अधिक मौतें
नाइजेरिया के पूर्वोत्तरी इलाक़े की एक मस्जिद और मार्केट में दो आत्मघाती हमलों में कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई है।
एएफ़पी की रिपोर्ट के अनुसार ईदामावा राज्य के पुलिस अधिकारी उसमान अबूबक्रम ने बताया कि इस हमले में अनेक लोग घायल भी हुए हैं। यह हमला राज्य की राजधानी यूला से 200 किलोमीटर दूर स्थित मोबी शहर में हुआ।
इस हमले की ज़िम्मेदारी अभी किसी ने नहीं ली है लेकिन बताया जाता है कि यह हमला बोको हराम संगठन ने किया है जो नाइजेरिया के पूर्वोत्तरी इलाक़ों में सक्रिय है और उसने 2009 से अब तक अनेक हमलों में 20 हज़ार से अधिक लोगों की जान ली है।
ज्ञात रहे कि नाइजेरिया का शहर मूबी पिछले कई वर्षों से आतंकवाद का शिकार रहा है जहां आतंकी हमलों की ज़िम्मेदारी बोको हराम ने क़ुबूल की है।
नाइजेरिया की सेना और सरकार की ओर से आतंकवाद को ख़त्म करने के लिए सफल कार्यवाहियों का दावा किया जाता है लेकिन अब तक आतंकी हमलों में कोई स्पष्ट कमी नहीं देखी गई है।