अमरीका ने सीरिया पर हमले की धमकी दी
-
इस फ़ाइल फ़ोटो में सीरिया के दरआ शहर में तहरीरुश्शाम गुट के आतंकियों के हाथों फ़ायर हुए रॉकेट हमले में एक स्कूल कथित रूप से ध्वस्त होते हुए नज़र आ रहा है
अमरीका ने सीरिया पर हमले की धमकी दी है। सीरियाई सेना की दरआ को आतंकियों के क़ब्ज़े से आज़ाद कराने के लिए कार्यवाही की तय्यारी पर अमरीका ने यह धमकी दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, सीरियाई सेना जॉर्डन और इस्राईल के अतिग्रहण वाले सीरिया के गोलान हाइट्स से मिले दरआ प्रांत को आज़ाद कराना चाहती है।
शुक्रवार को अमरीकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हदर नावर्ट ने सीरिया के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत दरआ में आगामी कार्यवाही पर चिंता जताते हुए दावा किया कि दरआ सीरिया के ‘डीस्कलेशन ज़ोन’ में आता है।
उन्होंने कहाः "रूस और जॉर्डन के साथ ज़मानत देने वाले देश के रूप में अमरीका, असद शासन के ख़िलाफ़ ठोस व उचित कार्यवाही करेगा।"
अमरीका ने हमले की यह धमकी ऐसे समय दी है कि सीरियन ऑब्ज़र्वेट्री फ़ॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) ने रिपोर्ट में कहा है कि सीरियाई सैनिक दमिश्क़ के निकट आतंकियों के नियंत्रण वाले बाक़ी बचे इलाक़ों को आज़ाद कराने के बाद दरआ की ओर बढ़ रहे थे।
शुक्रवार को सीरियाई न्यूज़ एजेंसी साना ने रिपोर्ट में बताया कि सीरियाई वायु सेना ने विमान से दरआ में आतंकियों के नियंत्रण वाले इलाक़ों पर पर्चे गिराए हैं जिनमें आतंकियों से हथियार रखने पर बल दिया गया है।
एसओएचआर के अनुसार, जो विदेश समर्थित आतंकियों से सहानुभूति रखती है, इन पर्चों पर लिखा है "सीरियाई सेना के जवानों का आगमन"। (MAQ/N)