अमरीकाः यूरेनियम संवर्धन बिल्कुल न करे ईरान
इस्लामी गणतंत्र ईरान की ओर से 1 लाख 90 हज़ार एसडब्ल्युयू के स्तर तक यूरेनियम संवर्धन की तैयारी पूरी करने की घोषणा पर अमरीका ने प्रतिक्रिया जताते हुए कहा है कि ईरान को हरगिज़ यूरेनियम संवर्धन नहीं करना चाहिए।
अमरीकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हीथर नूएर्ट ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अमरीका के विदेश मंत्री ने माइक पोम्पेयो ने ईरान के बारे में अमरीका की नई रणनीति की घोषणा कर दी है उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा कि ईरान को कदापि यूरेनियम संवर्धन नहीं करना चाहिए और इस देश को प्लूटोनियम के उत्पादन की दिशा में भी नहीं जाना चाहिए। ईरान के पास परमाणु हथियार प्राप्ति का कोई रास्ता नहीं होना चाहिए।
नुएर्ट ने कहा कि यदि आईएईए इसकी पुष्टि करती है तो हम इसे रोकने की कोशिश करेंगे। प्रवक्ता ने यह पूछे जाने पर कि अमरीका ईरान को यूरेनियम संवर्धन से कैसे रोक सकता है कहा कि हम एक बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में ईरान पर बहुत से प्रतिबंध लगा सकते हैं ताकि अन्य देश ईरान से व्यापार का मार्ग न चुनें।