अफ़ग़ान संघर्ष विराम में दाइश को न शामिल किया जाएः रूस
रूस के विदेशमंत्रालय ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान में संघर्ष विराम में आतंकवादी गुट दाइश को शामिल नहीं किया जाना चाहिए।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार रूस के विदेशमंत्रालय ने एक बयान जारी करके अफ़ग़ानिस्तान में दाइश की फैलती गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश के संघर्ष विराम में दाइश के सदस्यों को शामिल नहीं किया जाना चाहिए।
रूस के विदेशमंत्रालय ने अफ़ग़ान राष्ट्रपति द्वारा संघर्ष विराम की समयावधि में वृद्धि का स्वागत करते हुए कहा कि काबुल की नई पहल से देश में राष्ट्रीय वार्ता शुरु करने में सहायता मिलेगी।
अफ़ग़ान सरकार ने तालेबान गुट के साथ 10 दिवसीय युद्ध विराम की घोषणा की है। अफ़ग़ान सरकार ने तालेबान के साथ बुधवार को समाप्त होने वाले युद्ध विराम की अवधि में 10 दिनों की वृद्धि कर दी है।
अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति मोहम्मद अशरफ़ ग़नी ने शुक्रवार को ईदे फित्र की नमाज़ पढ़ने के बाद तालेबान के साथ घोषित युद्ध विराम की अवधि में वृद्धि किये जाने के बाद इस गुट को एक बार फिर शांति के लिए आमंत्रित किया और कहा कि वह अफ़ग़ानी पक्षों के मध्य वार्ता के लिए तैयार हैं।
अफ़ग़ान सुरक्षाकर्मियों और तालेबान के बीच नंगहार प्रांत में ईद मिलन कार्यक्रम में होने वाले विस्फोटों में 100 से अधिक व्यक्ति हताहत व घायल हो गये थे और आतंकवादी गुट दाइश ने इन विस्फोटों की ज़िम्मेदारी स्वीकार की थी। (AK)