मिल सकते हैं उत्तरी व दक्षिणी कोरिया के बिछड़े परिवार
https://parstoday.ir/hi/news/world-i65418-मिल_सकते_हैं_उत्तरी_व_दक्षिणी_कोरिया_के_बिछड़े_परिवार
उत्तरी और दक्षिणी कोरिया ने दोस्ती का हाथ आगे बढ़ाते हुए दोनो देशों के बिछड़े परिवारों के पुनर्मिलन के विषय पर वार्ता की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun २३, २०१८ ०९:०१ Asia/Kolkata
  • मिल सकते हैं उत्तरी व दक्षिणी कोरिया के बिछड़े परिवार

उत्तरी और दक्षिणी कोरिया ने दोस्ती का हाथ आगे बढ़ाते हुए दोनो देशों के बिछड़े परिवारों के पुनर्मिलन के विषय पर वार्ता की है।

कोरियाइ युद्ध में बिछड़े परिवारों के पुनर्मिलन को लेकर उत्तर और दक्षिण कोरिया में बातचीत हुई है। उत्तर कोरिया के पर्वतीय पर्यटन स्थल कुमगांग के एक होटल में शुक्रवार को इस संबंध में दोनों देशों के प्रतिनिधि मंडल की बैठक हुई।

उत्तरी और दक्षिणी कोरिया ने सन 1950-53 के कोरियाई युद्ध के कारण बिछड़ गए परिवारों के पुर्निमलन के लिए वार्ता की है।  लगभग 70 वर्ष पहले हुए उस युद्ध के दौरान लाखों लोग अपने प्रियजन से अलग होने को बाध्य हो गए थे।  इनमे से अधिक्तर लोगों को सीमापार के अपने परिजनों को देखने या सुनने का मौका नहीं मिला और उनकी मौत हो गयी। दोनों कोरिया में नागरिकों के बीच संवाद पर प्रतिबंध लगा हुआ है। 

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन और उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन के बीच 27 अप्रैल को हुई ऐतिहासिक बैठक में दोनो देशों के बिछड़े परिवारों के पुनर्मिलन को लेकर सहमति बनी थी। इसमें तय किया गया था कि अगस्त 2018 को बिछड़े परिवारों के पुनर्मिलन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

शिन्हुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार इस वार्ता के लिए दक्षिण कोरिया का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को सड़क के रास्ते कुमगांग पहुंचा। दोनों देशों के अधिकारियों की मुलाकात सुबह स्थानीय समय के अनसार लगभग दस बजे हुई जो 45 मिनट तक चली। इस दौरान मानवीय पहलुओं के अन्य मुद्दों पर भी बात हुई।

उत्तरी और दक्षिणी कोरिया के बिछड़े परिवारों के पुनर्मिलन कार्यक्रम यदि सफल रहता है तो उसी दिन दोनों देश, जापानी औपनिवेशिक शासन से आजादी की 73वीं वर्षगांठ एक साथ मिलकर मनाएंगे।  ज्ञात रहे कि कोरियाई प्रायद्वीप पर सन 1910 से 1945 तक जापान का शासन था।