बोको हाराम के हमले में 10 नाइजीरियाई सैनिक हताहत
https://parstoday.ir/hi/news/world-i65870-बोको_हाराम_के_हमले_में_10_नाइजीरियाई_सैनिक_हताहत
नाइजीरियाई सेना के एक चेक पोस्ट पर तकफ़ीरी आतंकवादी गुट बोको हाराम ने हमला करके 10 सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul ०२, २०१८ १६:२० Asia/Kolkata
  • बोको हाराम के हमले में 10 नाइजीरियाई सैनिक हताहत

नाइजीरियाई सेना के एक चेक पोस्ट पर तकफ़ीरी आतंकवादी गुट बोको हाराम ने हमला करके 10 सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया है।

नाइजीरिया के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि दक्षिण-पूर्वी सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित सैन्य चेक पोस्ट पर आतंकवादियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में जहां इस देश के दस सैनिक मारे गए हैं वहीं  तीन सैनिक घायल भी हुए हैं जबकि चार सैनिक लापता हो गए हैं। नाइजीरिया के रक्षा मंत्रालय के अनुसार 4 सैनिक जो लापता हैं उनके बारे में यह आशंका है कि बोको हाराम के आतंकी उनका अपहरण करके ले गए हैं।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2009 से नाइजीरिया में सक्रिय तकफ़ीरी आतंकवादी गुट बोको हाराम ने, जो अपनी ज़्यादातर आतंकी कार्यवाहियां उत्तरी नाइजीरिया में अंजाम देता रहता था अब उसने अपने आतंकी हमले का दायरा चाड और कैमरून तक फैला दिया है। वर्ष 2009 से अब तक इस ख़ुंख़ार तकफ़ीरी आतंकवादी गुट बोको हाराम के हाथों बीस हज़ार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं जबकि छब्बीस लाख से ज़्यादा लोग अपना घर बार छोड़कर दूसरे इलाक़ों और देशों में पलायन करने पर मजबूर हुए हैं। ज्ञात रहे कि नाइजीरिया सहित इस क्षेत्र की सभी सरकारें आतंकवादी गुट बोको हाराम के ख़िलाफ़ कड़ी रणनीति बनाने में असफल रही हैं। (RZ)