अमेरिका धमकी भरे स्वर में बात न करेः उत्तर कोरिया
उत्तर कोरिया ने अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो के साथ बैठक को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा है कि, अमरीका कूटनयिक वार्ता के बजाए एक अतिक्रमणकारी की तरह धौंस और धमकी वाला रवैया अपना रहा है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका और उत्तर कोरिया के शीर्ष स्तर के अधिकारियों की हाल में हुई बैठक के बाद प्यूंग यांग ने एक बयान जारी करके कहा है कि अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो का दौरा और उनके साथ हुई बैठक काफ़ी निराशाजनक और दुखद रही है। बयान में आया है कि अमेरिका, उत्तरी कोरिया के हितों की अनदेखी करते हुए धौंस और धमकी वाला रवैया अपनाकर हम पर एक तरफ़ा दबाव डाल रहा है कि हम अपने परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह नष्ट कर दें, यह एक अनुचित और अन्यायपूर्ण तरीक़ा है।
दूसरी ओर, अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने कहा है कि परमाणु कार्यक्रम के अंत तक और परमाणु हथियारों के पूरी तरह नष्ट किए जाने तक उत्तरी कोरिया पर से कोई भी प्रतिबंध नहीं हटाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि, अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो दो दिवसीय यात्रा पर उत्तरी कोरिया गए थे, जहां दोनों देशों के शीर्ष अधिकारियों के बीच लंबी बातचीत हुई थी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि उत्तरी कोरिया के नेता किम जोंग उन ने पोम्पियो को मिलने का समय नहीं दिया जिसके बाद अमेरिकी विदेश मंत्री सीधे जापान चले गए। (RZ)