तालेबान ने रखी अमरीका से वार्ता की शर्त
तालेबान ने अमरीका के साथ वार्ता के लिए एक शर्त रखी है।
तालेबान ने कहा है कि अमरीका यदि उनकी एक शर्त मान जाए तो वे अमरीका से वार्ता करने के लिए तैयार हैं।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार तालेबान की ओर से एलान किया गया है कि अमरीका यदि उनके नेताओं के नाम को अपनी ब्लैक लिस्ट से निकाल देता है तो वे वाशिग्टन के साथ वार्ता करने को तैयार हैं।
क़तर में तालेबान के कार्यालय से इस बात की घोषणा की गई है कि यह गुट उसी स्थिति में अमरीका के साथ वार्ता करने के लिए तैयार है कि जब उसके नेताओं के नामों को अमरीका की आतंकवादी लिस्ट से निकाल दिया जाए।
इससे पहले तालेबान ने एलान किया था कि वे अफ़ग़ानिस्तान में शांति के विषय पर अमरीका के साथ बातचीत करने के लिए तैयार हैं लेकिन वे किसी भी स्थिति में अफ़ग़ानिस्तान की सरकार के साथ वार्ता नहीं करेंगे। हालांकि तालेबान की ओर से यह भी कहा जा चुका है कि जब तक अमरीकी सैनिक अफ़ग़ानिस्तान से बाहर नहीं चले जाते उस समय तक वे अफ़ग़ानिस्तान सरकार के साथ वार्ता नहीं करेंगे।