“जेसीपीओए” दुनिया का सबसे अच्छा समझौता बना
रूस ने कहा है कि ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु समझौते को और अधिक मज़बूत बनाने और बाक़ी रखने के लिए अधिक बातचीत की आवश्यकता है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दक्षिणी आफ़्रीक़ा के शहर जोहानेस्बर्ग में ब्रिक्स के शिखर सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि ईरान के साथ हुआ परमाणु समझौता दुनिया का सबसे बेहतरीन समझौता है। उन्होंने कहा कि हम सबका यह कर्तव्य बनता है कि इस शानदार समझौते की रक्षा करें और इस संबंध में और अधिक चर्चा की आवश्यकता है कि इसको कैसे बाक़ी रखा जाए?
रूस के राष्ट्रपति ने ईरान के परमाणु समझौते का समर्थन करते हुए कहा कि जेसीपीओए, केवल ईरान और अमेरिका तक सीमित नहीं है बल्कि इसका संबंध दूसरे देशों और विशेषकर यूरोपीय पक्षों से भी है। पुतीन ने इस बात पर बल दिया कि परमाणु समझौते के संबंध में ऐसी बहुत सी समस्याएं हैं कि जिनपर विचार विमर्श करना ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को टेलीफ़ोनी वार्ता द्वारा हल नहीं किया जा सकता। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतीन ने अमेरिका द्वारा दूसरे देशों पर लगाए जा रहे प्रतिबंधों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वॉशिंग्टन का मनमाना और अड़ियल रवैया, उसकी स्ट्रटेजिक ग़लती है जिससे स्वयं अमेरिका की साख और डॉलर को ही नुक़सान पहुंच रहा है। (RZ)