फिलीपींस में सैन्य पोस्ट पर धमाका, 10 हताहत
फिलीपींस मंगलवार की सुबह एक भीषण धमाके से दहल उठा, इस आतंकवादी धमाके में 4 आतंकियों सहित 10 लोगों की मौत हो गई है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, दक्षिणी फिलीपींस के हिंसा प्रभावित द्वीप बैसिलन में स्थित एक सैन्य चेकपोस्ट को निशाना बनाते हुए आतंकवादियों ने कार बम धमाका किया है। इस धमाके में कम से कम 10 लोगों के हताहत होने और कई अन्य के घायल होने की सूचना है। बैसिलन इलाके के स्काउट रेंजर यूनिट के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल मोन अल्मोदोवार ने बताया कि सैन्य चौकी पर सुरक्षा बलों ने वैन रोककर उसके चालक से बातचीत की थी और उसके कुछ ही पल बाद उसमें विस्फोट हो गया। अब तक यह पता नहीं चल सका है कि हमले में किसे निशाना बनाया गया था लेकिन यह तै है कि विस्फोट निर्धारित समय से पहले हो गया।
फिलीपींस मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार इस धमाके में एक सैनिक, चार आतंकी और राहगीर एक मां और उसका बच्चा मारा गया है और कई अन्य घायल भी हुए हैं। बैसिलन के गवर्नर जिम सलमान ने बताया कि उन्हें रिपोर्ट मिली है कि इस विस्फोट के पीछे आतंकी गुट अबू सैयाफ़ का हाथ है लेकिन उन्होंने इस संबंध में मीडिया को विस्तृत जानकारी नहीं दी। उल्लेखनीय है कि फिलीपींस और पश्चिमी देशों के नागरिक अबू सयाफ के नियंत्रण के कारण बैसिलन से दूर ही रहते हैं। यहां आतंकवादी संगठन और सुरक्षा बलों के बीच अक्सर भीषण मुठभेड़ भी होती रहती है। (RZ)