अफ़ग़ानिस्तानः ग़ज़्नी में तालेबान का हमला, कई जगहों पर झड़पें जारी
https://parstoday.ir/hi/news/world-i67084-अफ़ग़ानिस्तानः_ग़ज़्नी_में_तालेबान_का_हमला_कई_जगहों_पर_झड़पें_जारी
अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी प्रांत ग़ज़्नी की राजधानी ग़ज़्नी शहर पर तालेबान ने एक बड़ा हमला किया है। सूचना है कि शहर में कई जगहों पर तालेबान और सरकारी फ़ोर्सेज़ के बीच झड़पें जारी हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug १०, २०१८ १३:२० Asia/Kolkata
  • अफ़ग़ानिस्तानः ग़ज़्नी में तालेबान का हमला, कई जगहों पर झड़पें जारी

अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी प्रांत ग़ज़्नी की राजधानी ग़ज़्नी शहर पर तालेबान ने एक बड़ा हमला किया है। सूचना है कि शहर में कई जगहों पर तालेबान और सरकारी फ़ोर्सेज़ के बीच झड़पें जारी हैं।

तालेबान ने शहर के रास्तों को बंद कर दिया है और एक इमारत में छिप कर पुलिस हेड क्वार्टर की इमारत पर फ़ायरिंग की है। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे को भारी नुक़सान पहुंचाने का दावा किया जा रहा है।

एक स्थानीय अधिकारी मुहम्मद आरिफ़ नूरी ने मीडिया को बताया कि तालेबान ने गुरुवार की रात ग़ज़्नी में चारों तरफ़ से हमले किए और फिर उपनगरीय इलाक़ों में प्रवेश करने में वह सफल हो गए।

प्रांतीय प्रशासन के प्रवक्ता ने बताया कि ग़ज़्नी में सुरक्षा बलों और तालेबान के बीच लड़ाई अभी जारी है और तालेबान को शहर के केन्द्रीय भाग से पीछे हटने पर विवश कर दिया गया है।

सूत्रों का कहना है कि शहर में जगह जगह फ़ायरिंग की आवाज़ें सुनाई दे रही हैं।

तालेबान ने अपने बयान में कहा है कि उनके हमले में अनेक सैनिक मारे गए हैं। तालेबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि तालेबान ने शहर के मुख्य स्थानों पर नियंत्रण कर लिया है और चेकपोस्ट पर भी क़ब्ज़ा कर लिया है।

हालिया महीनों में तालेबान के हमलों में तेज़ी आई है। अफ़ग़ान अधिकारियों का कहना है कि तालेबान ने अपनी रणनीति बदल कर अब शहरों पर क़ब्ज़ा करने की कोशिश शुरू कर दी है।