उत्तरी कोरिया में बाढ़ का क़हर, 156 लोग हताहत और लापता
उत्तरी कोरिया में आई भीषण बाढ़ के कारण 76 लोग मारे गए हैं जबकि 80 से अधिक लोग लापता हो गए हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर कोरिया इस समय भीषण बाढ़ की चपेट में है अब तक इस देश में आई बाढ़ के कारण 76 लोगों की जान जा चुकी है जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं, जबकि 80 से अधिक लोग लापता हैं जिसके कारण यह भी आशंका जताई जा रही है के मरने वालों की संख्या में वृद्धि हो सकती है।
प्राप्त समाचारों के मुताबिक़, भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में सबसे ज्यादा नुकसान उत्तरी कोरिया के, उत्तरी एवं दक्षिण ह्वांगही प्रांतों में हुआ है। ह्वांगही में दर्जनों घर, क्लीनिक और स्कूल सहित 800 से अधिक इमारतें बाढ़ की चपेट में आ गए हैं, जिससे हज़ारों लोग बेघर हो गए, बाढ़ और भूस्खलन की वजह से हुई तबाही के बाद अब रेड क्रॉस के कार्यकर्ता जीवित बचे लोगों की तलाश में जुटे हैं, संभावित स्थानों पर राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है।
इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेड क्रॉस एंड रेड क्रीसेंट सोसाइटीज़ (आईएफ़आरसी) के उत्तर कोरिया कंट्री ऑफिस के जॉन फ्लेमिंग ने बताया कि हज़ारों लोग बेघर हो गए हैं और उन्हें तत्काल स्वास्थ्य सेवाओं, आश्रय, भोजन, साफ पेयजल और सफाई व्यवस्था की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि ठंड का मौसम आने वाला है, ऐसे में हमें चिंता इस बात की भी है कि इस आपदा से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और कुछ लोगों के लिए भोजन की कमी का ख़तरा बढ़ जायेगा।
ज्ञात रहे कि उत्तरी कोरिया में वर्ष 2016 में भी भीषण बाढ़ आई थी जिसमें 130 लोगों की मौत हो गई थी और सैकड़ों लोग बेघर हो गए थे। (RZ)