इब्राहीम होंगे मालदीव के अगले राष्ट्रपति
https://parstoday.ir/hi/news/world-i68435-इब्राहीम_होंगे_मालदीव_के_अगले_राष्ट्रपति
मालदीव में रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव नतीजे आ चुके हैं।  चुनावी परिणामों के अनुसार मालदिवियन डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता इब्राहीम मुहम्मद सोलिह अब मालदीव के नए राष्ट्रपति होंगे। 
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Sep २५, २०१८ १२:१२ Asia/Kolkata
  • इब्राहीम होंगे मालदीव के अगले राष्ट्रपति

मालदीव में रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव नतीजे आ चुके हैं।  चुनावी परिणामों के अनुसार मालदिवियन डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता इब्राहीम मुहम्मद सोलिह अब मालदीव के नए राष्ट्रपति होंगे। 

न्यूज़-18 के अनुसार मालदीव के राष्ट्रपति चुनाव में इब्राहीम मुहम्मद ने मौजूदा राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन को हरा दिया है।  मालदीव के चुनाव आयोग के मुताबिक, सोलिह को 58.3 प्रतिशत वोट हासिल हुए।  जीत के बाद उन्होंने अपने पहले भाषण में कहा कि यह पल खुशी और उम्मीद का है।

54 साल के सोलिह को 262,000 हजार वोट में से 133808 वोट मिले, जबकि यामीन को 95,526 वोट मिले।  राष्ट्रपति चुनाव में 88 फीसदी मतदान हुआ।  इस चुनाव में कोई अन्य उम्मीदवार खड़ा नहीं हुआ था, क्योंकि उनमें से कई उम्मीदवार जेल में थे या फिर कुछ को देश छोड़ना छोड़ना पड़ा था।

बताया जाता है कि दरअसल मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन का झुकाव चीन की तरफ ज्यादा था।  उनके कार्यकाल के दौरान चीन ने इन्फ्रास्ट्रक्चर और सेवाओं में बड़े स्तर पर निवेश किया।  सवा चार लाख की आबादी वाला मालदीव भारत के दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। हिंद महासागर में होने की वजह से यह देश भारत के लिए बेहद अहम माना जाता है।

बीते कुछ समय में चीन ने 'वन बेल्ट वन रोड' परियोजना के तहत यहां निवेश करना शुरू किया।  सन 2011 तक चीन का मालदीव में कोई दूतावास भी नहीं था, लेकिन अब चीन वहां पर मिलिट्री बेस बनाने की तैयारी में है।  मालदीव और चीन दोनों देशों के बीच हालिया समय में कई व्यापार समझौते भी हुए हैं।  एसा माना जा रहा है कि चीन, मालदीव के बहाने भारत को घेरना चाहता है।  उसने श्रीलंका के हम्बनटोटा बंदरगाह पर भी निवेश कर रखा है।