अफ़ग़ानिस्तान, तालेबान का बड़ा हमला 18 अफ़ग़ान सैनिक हताहत
अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान ने एक बड़ा हमला करके 18 अफ़ग़ान सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया है, जबकि 15 अन्य सैनिकों का अपहरण भी कर लिया है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अफ़ग़ानिस्तान में सक्रिय आतंकवादी गुट तालेबान और अफ़ग़ान सेना के बीच जारी भीषण झड़पों में 18 अफ़ग़ान सैनिकों के मारे जाने की सूचना है जबकि 5 अन्य घायल भी हुए हैं। इस बीच यह ख़बरें हैं कि तालेबान ने 15 अफ़ग़ान सैनिकों का अपहरण भी कर लिया है। तालेबान ने “फरह” प्रांत के “पश्तारद” ज़िले में 2 चेक पोस्टों पर भी हमला करके सेना के हथियारों और उनकी गाड़ियों को अपने क़ब्ज़े में ले लिया है। अफ़ग़ान सरकार के अधिकारियों का कहना है कि तालेबान के इस हमले के जवाब में की गई सैन्य कार्यवाही में कई तालेबान मारे गए गए हैं।
दूसरी ओर तालेबान ने एक बयान जारी करके यह दावा किया है कि अमेरिका ने अफ़ग़ानिस्तान से अपनी सेना की वापसी को लेकर वार्ता की पेशकश को स्वीकार कर लिया है। अलजज़ीरा की रिपोर्ट के मुताबिक़ दोहा में तालेबान के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में अमेरिका ने इस बात पर सहमति जताई है कि वह अफ़ग़ानिस्तान से अपने सैनिकों की वापसी के संबंध में बातचीत के लिए तैयार है। (RZ)