पाकिस्तान ने तालेबान सरग़ना को किया रिहा
https://parstoday.ir/hi/news/world-i69243-पाकिस्तान_ने_तालेबान_सरग़ना_को_किया_रिहा
आतंकवादी गुट तालेबान के सह संस्थापक मुल्ला अब्दुल्लाह ग़नी बरादर उर्फ़ मुल्ला बरादर को पाकिस्तान की जेल से रिहा कर दिया गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Oct २२, २०१८ १५:५३ Asia/Kolkata
  • पाकिस्तान ने तालेबान सरग़ना को किया रिहा

आतंकवादी गुट तालेबान के सह संस्थापक मुल्ला अब्दुल्लाह ग़नी बरादर उर्फ़ मुल्ला बरादर को पाकिस्तान की जेल से रिहा कर दिया गया है।

तसनीम की रिपोर्ट के अनुसार तालेबान का सरग़ना मुल्ला बरादर को क़तर सरकार के अनुरोध पर पाकिस्तान ने रिहा कर दिया है। याद रहे कि हाल ही में क़तर के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने इस्लामाबाद का दौरा किया था और पाकिस्तान के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाक़ात की थी। बताया जाता है कि क़तर के प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान सरकार से यह आग्रह किया था कि मुल्ला बरादर को रिहा कर दिया जाए, जिसके बाद पाकिस्तान सरकार ने उन्हें रिहा कर दिया।

उल्लेखनीय है कि मुल्ला बरादर को वर्ष 2010 में पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने कराची से गिरफ़्तार किया था। मुल्ला बरादर उन चार लोगों में शामिल है जिन्होंने 1994 में अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान मूमेंट की नींव रखी थी। मुल्ला बरादर तालेबान शासन के दौरान विभिन्न पदों पर रहा और 2001 के बाद वह पाकिस्तान चला गया था। पाकिस्तान में एक विशेष अभियान चलाकर 2010 में गिरफ़्तार कर लिया गया था। इस बीच जानकारों का मानना है कि मुल्ला बरादर की रिहाई, तालेबान द्वारा हथियार रखकर वार्ता की मेज़ पर लाने की योजना में सहायक सिद्ध होगी। (RZ)