तालेबान के साथ वार्ता के लिए तैयार हैंः अशरफ़ ग़नी
अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति ने तालेबान के साथ वार्ता पर सहमति जताई है।
अशरफ़ ग़नी ने कहा है कि रूस में तालेबान के साथ वार्ता में सरकारी प्रतिनिधिमण्डल भाग ले सकता है।
रोएटर्ज़ के अनुसार अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति मुहम्मद अशरफ़ ग़नी ने शनिवार को एलान किया है कि रूस की राजधानी माॅस्को में तालेबान के साथ वार्ता में उनकी सरकार का एक शिष्टमण्डल भाग ले सकता है। इससे पहले अशरफ़ ग़नी कई बार तालेबान के साथ वार्ता के प्रस्ताव को ठुकरा चुके हैं। इसी बीच अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान जारी करके एलान किया है कि माॅस्को में 9 नवंबर 2018 को अफ़ग़ानिस्तान में शांति के बारे में वार्ता की जाएगी। इस बैठक में पहली बार तालेबान का प्रतिनिधिमण्डल भाग लेने क़तर से रूस पहुंचेगा
ज्ञात रहे कि तालेबान गुट अफ़ग़ानिस्तान की सरकार के साथ वार्ता के हर प्रस्ताव को अबतक ठुकराता आया है। उसकी शर्त है कि जबतक अमरीकी सैनिक देश से बाहर नहीं जाते उस समय तक वह सरकार के साथ कोई भी शांति वार्ता करने के लिए तैयार नहीं है।