कैलिफोर्निया में गोलाबारी में 13 हताहत
https://parstoday.ir/hi/news/world-i69743-कैलिफोर्निया_में_गोलाबारी_में_13_हताहत
अमेरिका के कैलिफोर्निया में अंधाधुंध फायरिंग में 13 लोग मारे गए हैं। 
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Nov ०८, २०१८ १४:२१ Asia/Kolkata
  • कैलिफोर्निया में गोलाबारी में 13 हताहत

अमेरिका के कैलिफोर्निया में अंधाधुंध फायरिंग में 13 लोग मारे गए हैं। 

अमेरिका के लॉस एंजिलिस इलाके में बुधवार देर रात एक बार में एक बंदूकधारी जबरन घुस गया और उसने गोलीबारी की।  प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के कैलिफोर्निया में बुधवार की रात अचानक अंधाधुंध फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई।   इस फायरिंग में गनमैन सहित 13 लोगों के मारे जाने की खबर है। न्‍यूज एजेंसी एपी से मिली जानकारी के अनुसार गोली चलाने की घटना बुधवार देर रात की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हमलावर ने कई राउंड गोलियां चलाई है।

पुलिसकर्मी ने बताया कि यह गोली बॉर्डरलाइन बार में चली है। यह बार लॉस एंजेलिस से करीब 40 मील की दूरी पर है।  एक प्रत्‍यक्षदर्शी ने बताया कि हमला करने वाले हमलावर के हाथ में बंदूक थी जिससे वह लगातार गोलियां चला रहा था। उस हमलावर के पास ग्रेनेड भी था।

प्रत्‍यक्षदर्शी ने बताया कि हमलावर ने गोली चलाने से पहले वहां स्‍मोक बम फेंका। इसके बाद उसने फायरिंग शुरू कर दी। वहां मौजूद लोग कुर्सी फेंक कर उसे किसी तरह रोकना चाह रहे थे लेकिन कामयाब नहीं हो सके।  हमलावर के हुलिया के बारे में बताया कि उसने एक काला जैकेट के साथ चश्‍मा लगा रखा था।  वहीं एक दूसरे प्रत्‍यक्षदर्शी ने बताया कि आक्रमणकारी ने स्‍मोक बम फेंक कर लोगों को उलझा दिया और डांस फ्लोर पर फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में ना जाने कितनी जिंदगियां खत्‍म हुईं होंगी। यह घटना स्थानीय समय के अनुसार कल रात लगभग 11.20 की है।

ज्ञात रहे कि इससे पहले यह बताया जा रहा था कि गोलीबारी में 13 लोग घायल हुए हैं किंतु बाद में 13 लोगों के मारे जाने की बात सामने आई है।  अमरीका में प्रतिवर्ष गोलीबारी की घटनाओं में हज़ारों लोग मारे जाते हैं।